चंडीगढ़ में योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। यूटी प्रशासन और आयुष मंत्रालय की तरफ से रॉक गार्डन में योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय मंत्री ओमप्रकाश और पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित पहुंचे।
सुबह 6:00 बजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई जो करीब 8:00 बजे तक चला। सबसे पहले केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस की शुरुआत की है, जिसका लाखों करोड़ों लोगों को फायदा मिल रहा है। इसके बाद प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने कहा कि योग का इतिहास करीब 5000 साल पुराना है।
यह वेदों के जमाने से है। उन्होंने कहा कि बीच में भारतीय संस्कृति को समाप्त करने के काफी प्रयास किए गए। पहले मुगलों ने प्रयास किया और फिर अंग्रेजों ने लेकिन यह संस्कृति ऐसे ही आगे बढ़ती रही। उन्होंने योग दिवस की शुरुआत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। प्रशासक के संबोधन के बाद रॉक गार्डन में मौजूद सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लाइव सुना और इसके बाद सभी ने एक साथ योग शुरू किया।
करीब 40 मिनट सभी ने योग किया। इसमें प्रशासक के साथ उनके सलाहकार धर्मपाल समेत सभी विभागों के सचिव व डीसी विनय प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। रॉक गार्डन में शहर की विभिन्न संस्थाओं, पुलिस, आइटीबीपी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन समेत अन्य लोग पहुंचे थे।
यहां भी हुआ योग
चंडीगढ़ में अलग-अलग 75 जगहों पर योग दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सुखना लेक, सेक्टर-17 प्लाजा, पंजाब यूनिवर्सिटी, होटल माउंट व्यू, होटल पार्क व्यू, होटल शिवालिक व्यू, योग दिव्य मंदिर सेक्टर-30 ए, होटल ललित, दिव्य योग मंदिर शिवालिक एनक्लेव मनीमाजरा, पीजीआई, रॉक गार्डन, पुलिस अस्पताल-26, संग्रहालय, सेक्टर-10, स्टेट लाइब्रेरी-17, टैरेस गार्डन सेक्टर-33, स्टेट लाइब्रेरी-34, रामलीला मैदान सेक्टर-40, जीएमसीएच-32, फ्रेगरेंस गार्डन सेक्टर-36 के अलावा सभी हेल्थ वेलनेस सेंटर, सभी सिविल अस्पताल, कई स्कूल व कॉलेज शामिल हैं। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देश के तहत प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम को भी सभी जगह लाइव दिखाया गया।