चंडीगढ़। सेक्टर-42 स्थित एसबीआई कालोनी स्थित घर में मंगलवार को एक बैंक कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बैंककर्मी को जीएमएसएच-16 में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कुणाल किशोर (44) कोरोना संक्रमित था। हालांकि उसकी मौत किन कारणों से हुई है। इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर 42 स्थित एसबीआई कॉलोनी से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बेसुध हालत में जमीन पर गिर गया है। इसे फौरन अस्पताल ले जाया गया। मौत के बाद शव का कोरोना सैंपल लिया गया। इसमें वह संक्रमित पाया गया। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने मामले की जांच करनी शुरू कर दी है।