कनाडा में भारतीयों का मकान खरीदने का सपना मुश्किल होता जा रहा है। बैंक ऑफ कनाडा ने ब्याज दरों में .25 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी पिछले साल से लगातार हो रही है। पहले जो ब्याज दर 1.5 फीसदी थी, वह अब एक साल में 4.75 फीसदी तक पहुंच गई है। इसका असर पंजाबी मूल के लोगों पर अधिक हो रहा है, जो कनाडा में घर खरीदने का सपना संजो रहे हैं।
कनाडा में नवीनतम श्रम बल सर्वेक्षण से पता चला है कि अप्रैल में रोजगार में 41,000 नौकरियों की वृद्धि हुई है जिससे वहां पर नए निवास स्थानों की जरूरत भी महसूस होने लगी है। दिक्कत यह है कि पिछले साल से बैंक ऑफ कनाडा धीरे धीरे कर अपने होम लोन की दर बढ़ाता जा रहा है। पिछले 15 सालों में कनाडा में सबसे अधिक ब्याज दर मौजूदा दौर में है।
कनाडा में भारतीयों में इस बात को लेकर भी चिंता थी कि अगामी कुछ दिनों में ब्याज दर 4.5 फीसदी से अधिक की जा सकती है, जिससे मकान खरीदने वालों का सारा गणित गड़बड़ा जाएगा। बुधवार सुबह बैंक ऑफ कनाडा ने .25 फीसदी की बढ़ोतरी कर एक और झटका दिया है।
यह भी पढ़ें : आतंकी अर्श डल्ला का साथी गिरफ्तार: NIA की दबिश के दौरान हाथ आया गगनदीप, हथियारों की तस्करी में करता था मदद
कनाडा जाने वाले तमाम लोगों बैंक से लोन लेकर ही घर खरीदते हैं। घरों की कीमतें भी आसमान को छू रही हैं। कनाडा के टोरंटो में रियल एस्टेट कारोबारी परम सिद्धू का कहना है कि बैंक की दरें बढ़ने से आगे ही अन्य मुल्कों से आए लोगों का हिसाब किताब खराब हो गया है। पिछले साल जो दर 1.5 फीसदी थी, वह अब 4.75 फीसदी हो गई। लोगों की मकान की किश्त पहले ही अधिक थी। कनाडा में नौकरियां जरूर हैं लेकिन बैंक ब्याज दर बढ़ने से घर खरीदना महंगा हो जाएगा।
वहीं वैंकुवर से प्रिंस सन्नण का कहना है कि कनाडा में पहले पंजाबी लोगों ने प्रॉपर्टी का काफी कारोबार और निवेश भी किया, लेकिन ब्याज दरें बढ़ने से वह प्रभावित हुआ है। अब ऐसी चर्चा है कि अगामी दिनों में यह दर 5 फीसदी को क्रास कर सकती है।
पंजाब से हर साल 1.5 लाख जाते हैं कनाडा
टोरंटो से देव मुंडी का कहना है कि पंजाब से ही हर साल 1.5 लाख लोग कनाडा जाते हैं, जिसमें स्टूडेंट्स के अलावा पीआर व वर्क परमिट लेने वाले लोग शामिल हैं। वहां पर हर साल घरों की डिमांड काफी बढ़ जाती है लेकिन अब इस पर ब्रेक लगने लगी है, जिससे कनाडा में प्रापर्टी बाजार पर असर होने लगा है।
रियल एस्टेट कारोबार पर भी असर
वैंकुवर से गुरप्रीत सिंह सहोता ने बैंक दरों में बढ़ोतरी की पुष्टि करते हुए कहा है कि सात जून को रेट बढ़ने की उम्मीद पहले से थी। सहोता ने कहा कि पिछले एक साल से रियल एस्टेट कारोबार के अलावा उन पंजाबी मूल के लोगों को काफी गहरा झटका लगा है जो कनाडा में घर खरीदने की तैयारी कर रहे थे। यह सबकुछ पिछले एक साल में हुआ है। कोई भी व्यक्ति कनाडा में बिना बैंक से कर्ज लिये मकान नहीं खरीद सकता है और अब दर बढ़ने से किश्त निकालनी मुश्किल हो जाएगी।