चंडीगढ़। सेक्टर-17 की अस्थायी सब्जी मंडी में सब्जियों और फलों की हो रही फुटकर बिक्री पर स्माल वेजिटेबल वेलफेयर एसोसिएशन ने कड़ा एतराज जताया है। एसोसिएशन ने यूटी प्रशासन से जल्द इसपर कार्रवाई करने की मांग की है। रेहड़ी-फड़ी एसोसिएशन ने भी इसका समर्थन करते हुए मंडी को सेक्टर-26 में शिफ्ट करने आग्रह किया है।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अशोक गुज्जर ने कहा कि संक्रमण के कारण सेक्टर-17 में अस्थायी रूप से सब्जी मंडी को शिफ्ट किया गया था। मंडी में सोशल डिस्टेंस बना रहे इसके लिए फुटकर बिक्री पर प्रशासन ने रोक लगाई थी। हालांकि इन दिनों मंडी में फलों और सब्जियों की फुटकर बिक्री की जा रही है, जो खुलेआम संक्रमण को न्योता देने जैसा है।
रेहड़ी-फड़ी एसोसिएशन के प्रधान जयप्रकाश ने कहा कि मंडी शिफ्ट होने के बाद से हजारों फुटकर विक्रेता सड़क पर आ गए हैं। इस कारण प्रशासन मंडी को सेक्टर 26 में शिफ्ट कराने की व्यवस्था करे।