चंडीगढ़ नगर निगम के नए कमिश्नर पंजाब कैडर के आईएएस बलदेव पुरुषार्था ने कार्यभार संभाल लिया और अपने इरादे भी स्पष्ट कर दिए। भावना गर्ग ने उन्हें चार्ज सौंपा। भावना गर्ग के पास जून माह से कमिश्नर के पद का अतिरिक्त चार्ज था। वह इस समय स्पेशल सेक्रेटरी फाइनेंस के पद पर तैनात हैं।
पुरुषार्था ने चार्ज संभालते ही सबसे पहले भावना गर्ग, ज्वाइंट कमिश्नर राजीव गुप्ता और वीरेंद्र चौधरी के साथ बैठक की और नगर निगम के विभागों को समझा। मेयर पूनम शर्मा और वित्त एवं अनुबंध कमेटी के सदस्य सुभाष चावला ने कमिश्नर का स्वागत किया।
नवनियुक्त कमिश्नर से जब उनकी प्राथमिकताएं पूछी गईं तो उन्होंने कहा कि जो शहर केलोगों की प्राथमिकता है वहीं उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अभी उनको काम समझना है। लोगों की जो भी समस्याएं हैं उन्हें प्राथमिकता के तौर पर दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के लिए नगर निगम काफी बढ़ चढ़ कर काम करेगा। पेड पार्किंग का रेट बढ़ाने के संबंध में पूछे गए गए सवाल पर पुरुषार्था ने कहा कि उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्किंग में सुविधाओं का इजाफा होना चाहिए, जिसके लिए काम किया जाएगा।
परिवार की तरह मिलकर कार्य करेंगे
मालूम हो कि पूर्व कमिश्नर भावना गर्ग पेड पार्किंग का रेट बढ़ाने के पक्ष में थीं। सदन द्वारा खारिज किया गया प्रस्ताव इस समय प्रशासन के पास है जिस पर प्रशासन को निर्णय लेना है। नवनियुक्त कमिश्नर का कहना है कि अधिकारी, मेयर और सभी पार्षद एक परिवार की तरह काम करेंगे और शहरवासियों को सुविधाएं देंगे। बी पुरुषार्था पंजाब में डायरेक्टर टेक्निकल एजुकेशन के पद पर तैनात थे उनकी पत्नी कविता सिंह सिटको की महा निदेशक के पद पर तैनात हैं।
कमिश्नर और सलाहकार ने जाना घायल अफसरों का हाल
चार्ज संभालते ही कमिश्नर बी पुरुषार्था ने ज्वाइंट सेक्रेटरी भावना गर्ग से चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद, कार्यकारी अभियंता श्याम लाल और चालक मुरगन का हाल पूछा। चार्ज संभालने के एक घंटे के बाद बी पुरुषार्था इन सभी को देखने के लिए पीजीआई गए। चीफ इंजीनियर मुकेश आंनद का आपरेशन हो चुका है और उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। जबकि कार्यकारी अभियंता श्याम लाल केएक पैर की एक सर्जरी हो चुकी है बाकी दूसरे की सर्जरी होनी है। सलाहकार विजय देव भी अधिकारियों का हालचाल जानने पीजीआई गए।
जिप के वाइस चेयरमैन का चुनाव 14 को
चंडीगढ़। जिला परिषद के वाइस चेयरमैन का चुनाव 14 दिसंबर को होगा। इसके लिए एडिशनल कमिश्नर ने सभी जिला परिषद के सदस्यों को सूचित कर दिया है। ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत अफसर सुंदरलाल नौटियाल ने बताया कि 24 नवंबर को जिला परिषद के वाइस चेयरमैन मेजर सिंह को अविश्वास प्रस्ताव के तहत हटा दिया गया था। सदस्यों ने मेजर सिंह के खिलाफ अविश्वास का प्रस्ताव लाया था। इस कारण इस पद का चुनाव होगा।
उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए डीसी ऑफिस में सुबह 11 बजे बैठक बुलाई गई है। इस बारे में सभी सदस्यों को सूचित कर दिया है। जिला परिषद के 10 सदस्य हैं। जिला परिषद सदस्य मनोज लुबाणा और दर्शन सिंह और जरनैल सिंह ने बताया कि एक दो दिन में बैठक कर उम्मीदवार तय कर लिया जाएगा। सदस्य अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।