एशियन गेम्स 2018 में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी खेल पदकों की दौड़ में शामिल हो गए हैं। सूची भेज दी गई, आप भी जान सकते हैं किस-किस के नाम हैं। वर्ल्ड चैंपियन शूटर अंकुर मित्तल के अलावा कॉमनवेल्थ व एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान बजरंग पूनिया व विनेश फौगाट खेलों के सबसे बड़े राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के दावेदार हो गए है। इन तीनों के नाम खेल रत्न के लिए खेल एवं युवा मंत्रालय को भेज दिए गए है।
अंकुर का नाम शूटिंग एसोसिएशन तो बजरंग व विनेश का नाम रेसलिंग फेडरेशन ने खेल रत्न के लिए भेजा है। इनके अलावा दंगल गर्ल गीता फौगाट के पति पहलवान पवन, बहन रितु, सुमित, विनोद, हरप्रीत, ललिता के नाम रेसलिंग फेडरेशन ने अर्जुन अवार्ड के लिए भेजे हैं। वहीं महिला कुश्ती टीम के कोच कुलदीप मलिक का नाम पद्मश्री के लिए भेजा गया है। केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय की ओर से खेल रत्न व अर्जुन अवार्ड के लिए आवेदन मांगे गए थे।
यह आवेदन खेल एसोसिएशन को भेजने थे जो खिलाड़ियों के पिछले चार साल के प्रदर्शन के आधार पर मांगे गए थे। शूटरों में पिछले चार साल का सबसे बेहतर प्रदर्शन अंकुर मित्तल का रहा है, जिन्होंने तीन वर्ल्ड कप में मेडल जीतकर इतिहास रचा हुआ है। इसके अलावा कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल व वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल भी अंकुर के नाम है। अंकुर का वर्ल्ड चैंपियनशिप का मेडल भी इसमें जुड़ गया है, क्योंकि खेल रत्न के लिए शूटिंग एसोसिएशन को 12 सितंबर तक नाम भेजने थे और अंकुर का नाम मंगलवार को भेजा गया।
वहीं कुश्ती में पहलवान बजरंग पूनिया व विनेश फौगाट लगातार मेडल जीते रहे है और इन दोनों के नाम रेसलिंग फेडरेशन की ओर से खेल रत्न के लिए भेजे गए हैं। यह माना जा रहा है कि अंकुर, बजरंग व विनेश तीनों खेल रत्न के बड़े दावेदार है और तीनों को यह सम्मान मिल सकता है। वहीं महिला कुश्ती को ऊंचाईयों पर पहुंचाने वाले कोच कुलदीप मलिक को ध्यानचंद अवार्ड मिलने के कारण द्रोणाचार्य अवार्ड की जगह उनका नाम पद्मश्री के लिए भेजा गया है। मंत्रालय की ओर से जल्द ही नामों की घोषणा की जा सकती है।
पहलवान बजरंग पूनिया व विनेश फौगाट लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और फेडरेशन की ओर से उनके नाम खेल रत्न के लिए भेजे गए हैं। जबकि अन्य कई पहलवानों के नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजे गए है। इन सभी के नाम पिछले चार साले के प्रदर्शन को देखते हुए भेजे गए है।
- विनोद तोमर, ज्वाइंट सेक्रेटरी, भारतीय कुश्ती संघ