सोशल मीडिया पर गुरुवार को दिनभर पहलवान बजरंग पूनिया और संगीता फौगाट की शादी की चर्चा रही। हालांकि, बजरंग पूनिया के पिता ने इसे सिरे से नकार दिया।
उन्होंने कहा कि बजरंग की शादी के बारे किसी से कोई बात नहीं हुई है। बता दें कि 25 वर्षीय बजरंग पूनिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं जबकि 21 साल की पहलवान संगीता फौगाट बहनों में सबसे छोटी हैं।
सुबह से ही सोशल मीडिया पर चर्चा रही कि जल्द ही पहलवान बजरंग पूनिया संगीता फौगाट के साथ शादी करने जा रहे हैं। जब यह खबर लोगों को पता चली तो सभी चर्चाएं करने लगे।
इसके बाद बजरंग पूनिया का फोन भी बजने लगा। उन्होंने शादी की बात को पूरी तरह से नकार दिया। इसके बावजूद सभी इस बारे में जानकारी लेने में लगे रहे।
बाद में जब उनके पिता बलवान पूनिया से संपर्क किया गया तो उन्होंने इसे सिरे से नकारते हुए कहा कि उनकी इस बारे में अभी तक किसी से कोई बात नहीं हुई है। अभी बजरंग अपना ध्यान सिर्फ ओलंपिक पर लगाए हुए हैं।
ओलंपिक खेलों तक तो इस बारे में उन्होंने सोचा तक नहीं है। उन्होंने बताया कि संगीता के परिजनों से उनका संपर्क तक नहीं हुआ है। ऐसे में शादी की बात कहने का औचित्य ही नहीं है। उधर, संगीता के चचेरे भाई राहुल फौगाट ने भी शादी की चर्चाओं को अफवाह बताया है।