गोली लगने के बाद धर्मबीर को अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन।
प्रेम विवाह करने वाले टिब्बा दानासेर निवासी एक युवक पर वीरवार देर शाम कुछ युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। उसे घायल अवस्था में परिजनों ने अस्पताल में दाखिल कराया है। घायल युवक का आरोप है कि उसने प्रेम विवाह किया था और हमला करने वाले युवकों में उसका साला भी शामिल था, जिसने कुछ दिन पहले उसे जान से मारने की धमकी दी थी। वारदात की सूचना मिलने पर डीएसपी लॉ ऐंड ऑर्डर जोगेंद्र सिंह और शहर थाना प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंच गए थे।
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवक 24 वर्षीय धर्मबीर ने बताया कि वह इलाइट सिनेमा में काम करता है। उसने कॉलोनी में ही रहने वाली एक लड़की से वर्ष 2013 में प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके परिजन नाराज थे। उसने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले लड़की के भाई पौनी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।
वीरवार शाम वह अपने दोस्त हितेश के घर के बाहर बैैठा था। वहां उनका एक और दोस्त मौजूद था। कुछ देर बाद वे दोनों पानी पीने के लिए घर के अंदर चले गए। तभी वहां पर बाइक पर सवार 3-4 युवक आए, जिनमें एक उसका साला पौनी था। उन्होंने आते ही उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
वह अंदर जाने लगा तो हमलावरों ने उसके ऊपर गोलियां दाग दीं। जान बचाने के लिए वह दौड़कर एक मकान में जा घुसा और दरवाजा बंद कर लिया। हमलावरों ने दरवाजे को धक्का देकर खोलने का प्रयास किया, लेकिन वे कामयाब नहीं हुए और वहां से फरार हो गए। धर्मबीर को एक गोली पेट में और 2-3 गोलियां हाथ पर लगी हैं। परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर गए, लेकिन बाद में उसे प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल जांच की जा रही है। घायल के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। घायल धर्मबीर ने अपने साले पौनी पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
- इंस्पेक्टर विनोद कुमार, इंचार्ज, शहर थाना प्रभारी।