हरियाणा में 21 जून को हर जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। उसके बाद पेट घटाने के शिविर लगाए जाएंगे।
करनाल में आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 21 हजार और जिला मुख्यालयों पर 2100 योगसाधक भाग लेंगे। पंतजलि योग पीठ के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने मंगलवार को मोटापा घटाने की मुहिम पर मोहर लगाने का प्रस्ताव रख दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस मुहिम को हरी झंडी दे दी है। आयुष विभाग जल्द ही योगपीठ की तरफ से प्रस्ताव बनाकर स्वास्थ्य मंत्री को भेजेगा। योग पीठ का सुझाव है कि 21 जून 2015 से 20 जून 2016 तक मोटापा घटाने के लिए योग शिविर आयोजित किए जाएं।
इसमें मरीजों पर रिसर्च की जाए कि कितने दिनों में कितना मोटापा घटा है। स्वामी रामदेव ने देश में एक हजार करोड़ किलो वजन कम करने का लक्ष्य रखा है। हरियाणा में यह प्रोजेक्ट शुरू होगा तो मिसाल बनेगा।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि करनाल में 21 जून को सुबह 6 से 8.15 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके लिए आसपास से क्षेत्रों से योग साधकों को लाया जाएगा।
इससे पहले प्रदेश के सभी पीटीआई अध्यापकों को पतंजलि योग पीठ द्वारा 25 से 27 मई तक प्रशिक्षिण दिया जाएगा और 28 से 30 मई तक प्रदेश के सभी स्कूलों में योग सिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में एक संचालन समिति कार्य करेगी। इस कार्यक्रम में खेल, शिक्षा, आयुष तथा पंचायत विभागों की भागेदारी प्रमुख तौर पर सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्रियों और विधायकों को भी करवाएंगे योग
स्वामी रामदेव जल्द ही पंचकूला में मंत्रियों और विधायकों को योग करवाते नजर आएंगे। स्वास्थ्य विभाग इस बात की तैयारी कर रहा है कि सरकार के मंत्रियों और विधायकों के लिए भी योग का एक शिविर आयोजित किया जाए। इससे जल्द ही हरियाणा पूरी तरह से योग के रंग में रंगा नजर आए।