पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में एक छात्र ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सेक्टर-24 में सरकारी क्वार्टर में रहने वाले स्टूडेंट अंकुश (21) ने घर के कमरे में जान दे दी। युवक ने यह खौफनाक कदम उस समय उठाया जब घर पर कोई नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जीएमएसएच-16 भेजा गया है।
सेक्टर-24 में पिता के साथ सरकारी क्वार्टर में रहने वाले बीबीए प्रथम वर्ष के 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दी है। रविवार सुबह जब पिता का फोन नहीं उठाने पर पड़ोसी उसे देखने के लिए गए तो घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सेक्टर-16 जीएमएसएच की मोर्चरी में रखवाया। मृतक युवक अंकुश के पिता चंडीगढ़ सीटीयू में बतौर चालक कार्यरत हैं और उसे सेक्टर-24 में सरकारी क्वार्टर अलॉट हो रखा है। युवक इस क्वार्टर में अपने पिता के साथ रहता था जबकि उसकी माता जींद में अपने ससुराल में रहती है।
बीते शनिवार को अंकुश के पिता जींद में अपने गांव छुट्टी गया हुआ था। रविवार सुबह अंकुश को उसके पिता फोन कर रहा था लेकिन वह फोन रिसीव नहीं कर रहा था। इसी के चलते उसके पिता ने पड़ोसी को फोन किया और क्वार्टर में जाने के लिए कहा। जब पड़ोसी उसके क्वार्टर में गए तो पैरों तले जमीन खिसक गई। युवक का शव फंदे पर लटका हुआ था। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के परिजन भी जींद से चंडीगढ़ पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर मोर्चरी में रखवाया। मृतक के आसपास कोई सुसाइड नोट नहीं मिल सका जिसके चलते अभी तक आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है।