चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) ने बुधवार को बीटेक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा की घोषणा की। पेक की ओर से विद्यार्थियों को जारी निर्देश के अनुसार उनकी परीक्षाएं 27 से शुरू होकर 31 मई को खत्म होंगी। सभी पेपर ऑनलाइन माध्यम में आयोजित किए जाएंगे।
विद्यार्थियों का कहना है कि अभी कुछ विद्यार्थी खुद कोरोना संक्रमित हैं। वहीं कुछ विद्यार्थियों के परिवार पर महामारी आन पड़ी है। ऐसे हालात में सभी विद्यार्थी परीक्षा में नहीं बैठ सकते। कोरोना के चलते पिछली बार की तरह ही इस बार भी परीक्षा के साथ ग्रेड के आधार पर पास और फेल का विकल्प दिया जाना चाहिए। प्रशासन ने विद्यार्थियों के साथ बैठक किए बिना ही परीक्षा का फैसला ले लिया, जबकि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों में स्टूडेंट काउंसिल की राय लेना जरूरी होता है।
पिछली बार पेक ने सभी विद्यार्थियों को कॉलेज बुलाकर उनके लिए ऑफलाइन परीक्षा का आयोजन किया था। इसके साथ परीक्षा नहीं देने वाले विद्यार्थियों को पिछले ग्रेड के आधार पर पास या फेल का विकल्प दिया था। ये विद्यार्थी बाद में हालात सामान्य होने पर ऑफलाइन परीक्षा देकर नंबरों के साथ डिग्री ले सकते थे। उस दौरान विद्यार्थियों ने नवंबर-दिसंबर में परीक्षा देने के लिए हामी भरी थी। 170 विद्यार्थियों को छोड़कर अंतिम वर्ष के सभी विद्यार्थियों ने ऑफलाइन परीक्षा दी थी। इन 170 विद्यार्थियों ने मार्च में परीक्षा देने के लिए हामी भरी थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण इनकी ऑफलाइन परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। पेक प्रशासन ने पिछले सेमेस्टर की परीक्षा नहीं देने वाले इन विद्यार्थियों पर भी कोई फैसला नहीं लिया है। काउंसिल विद्यार्थियों की ओर से पूछने पर बताया कि हालात सामान्य होने पर इनकी परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी। वहीं विद्यार्थियों का कहना है कि 90 प्रतिशत विद्यार्थियों की प्लेसमेंट हो चुकी है, बिना परीक्षा और डिग्री के कंपनियां उन्हें नौकरी से निकाल देगी।
छात्रावास जबरदस्ती खाली करवाए
विद्यार्थियों ने बताया कि पेक प्रशासन ने यूटी प्रशासन का आदेश कहकर सभी विद्यार्थियों को दो दिन के अंदर ही छात्रावासों से घर भेज दिया। जबकि छात्रावास में केवल वे विद्यार्थी ही रुके हुए थे, जिनके घरों में इंटरनेट की समस्या आ रही थी। ऐसे में अब ये विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षा में कैसे बैठेंगे, इस पर कोई चर्चा नहीं की गई। निर्देशों के अनुसार 27 से 31 मई तक आयोजित परीक्षा में सभी विद्यार्थियों को उपस्थित होना है। संक्रमण या बीमारी के कारण अगर विद्यार्थी इन दिनांक पर परीक्षा नहीं दे सकता वह 6 से आठ जून के मध्य परीक्षा दे सकता है।
10 मई को स्टूडेंट काउंसिल के लिखे पत्र का भी जवाब नहीं
स्टूडेंट काउंसिल ने 10 मई को पेक प्रशासनिक अधिकारियों को विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर पत्र लिखा। इसमें उन्होंने जिक्र किया कि विद्यार्थी लगातार उनके घर में संक्रमण होने के कारण ऑनलाइन कक्षा में उपस्थित नहीं हो पाने, असाइनमेंट के लिए समय बढ़ाने इत्यादि को लेकर पत्र लिख चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से उन्हें कोई जवाब नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप कई विद्यार्थी परिजनों के अंतिम संस्कार के बाद बैठकर असाइनमेंट और कक्षा क्विज दे रहे हैं। इस समय विद्यार्थी मानसिक रूप से परेशान चल रहे हैं। इसे देखते हुए अंतिम परीक्षाओं के लिए ग्रेड के आधार पर पास-फेल का विकल्प दिया जाना चाहिए।