चंडीगढ़। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के चल रहे चंडीगढ़ और मेघायल के मैच में तीसरे दिन शनिवार को आयुष सिक्का की ओर से ठोके गए शतक की बदौलत चंडीगढ़ को मेघालय के खिलाफ 169 रनों की बढ़त दिलवाई। शनिवार को आईटी पार्क स्थित महाजन क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया यह मैच खराब रोशनी के चलते लंच के बाद शुरू हुआ। चंडीगढ़ की टीम ने ने 3 विकेट के नुकसान पर 48 रनों से आगे खेलना शुरू किया। इसमें आयुष सिक्का और आयुष गौतम ने चैाथे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी निभाई। वहीं 29वें ओवर में गेंदबाज रोशन वरबाह ने आयुष गौतम को उनके 22 के निजी स्कोर पर आउट कर मेहमान टीम को दिन की पहली सफलता दिलाई। इसके बाद आयुष सिक्का ने एक बार फिर अमृत लुबाना के साथ 111 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। दूसरे छोर पर तेजी से ख्ेाल रहे लुबाना को गेंदबाज अर्बिन सिंह ने 56 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। इस पारी में 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
वहीं, आयुष सिक्का ने अपना शनदार शतक ठोक दिया। सिक्का 128 के निजी स्कोर पर आउट हुए। इस पारी में 16 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। अगले ओवर में लोकेश तुराह ने जगजीत संधू को एक रन पर चलता किया। इस समय स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 263 रन था। इसके बाद दोनों नाबाद बल्लेबाज भागमेंदर लादेर (29) और हर्षित सिंह (5) क्रीज पर डटे रहे और दिन का खेल खत्म होने तक चंडीगढ़ 7 विकेट के नुकसान पर 288 रन जुटा चुका था।
गेंदबाजी में मेघालय से रोशन ने 3 विकेट, आदित्य ने 1 विकेट, अर्बिन सिंह ने 1 विकेट, लोकेश तुराह ने 1 विकेट चटकाया।
बॉक्स - सिटी के युवा बल्लेबाज आयुष सिक्का एसडी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और इनके पिता अजय सिक्का पूर्व रणजी खिलाड़ी हैं, आयुष ने इन्हीं से क्रिकेट के शुरूआती गुर सीखे।