चंडीगढ़। शतकवीर अनिरुद्ध टंडन की ओर से जड़े गए 109 रनों के साथ ही कप्तान सूर्य नारायण यादव, मिडल आर्डर बल्लेबाज प्रथम सिंह और अक्षित राणा के अर्धशतकों की बदौलत मेजबान चंडीगढ़ टीम ने नागालैंड के खिलाफ कूच बिहार ट्रॉफी मैच में शनिवार को 4 विकेट के नुकसान पर 378 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया है। कूच बिहार ट्रॉफी के मैच जीएमएसएसएस सेक्टर-26 के क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे हैं। मैच में दूसरे ही दिन चंडीगढ़ को 215 रनों की बढ़त मिल गई है, जबकि अभी दो दिनों का खेल बाकी है।
इससे पहले चंडीगढ़ ने अपनी पारी बीते शुक्रवार को एक विकेट के नुकसान पर बनाए गए 65 रनों से आगे शनिवार को खेलनी शुरू की तो चिरागवीर ढींढसा और अनिरुद्ध टंडन ने पारी में मात्र 19 रन ही जोड़े थे कि ढींढसा आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद पहुंचे पिछले मैच में शतक जड़ चुके कप्तान सूर्य नारायण यादव और अनिरुद्ध टंडन के बीच 141 रनों की साझेदारी हुई। सूर्य नारायण यादव एक रन चुराने के चक्कर में 60 रनाें के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इसके अगले ही ओवर में गेंदबाज डेनियल जमीर ने अनिरुद्ध टंडन को 109 के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद बल्लेबाज प्रथम सिंह (53) और विकेटकीपर बल्लेबाज अक्षित राणा (94) क्रीज पर डटे रहे। दोनों ने 152 रनों की बेहतरीन साझेदारी पूरी की है।