चंडीगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के 'क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम' के प्रति शहरवासियों को जागरूक करने के लिए चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड पंजाब नेशनल बैंक व अन्य बैंकों के साथ मिलकर मंगलवार से जागरूकता शिविर का आयोजन करने जा रहा है। दो दिवसीय इन शिविरों में इस योजना और कैसे इसका लाभ उठा सकते हैं, इसकी जानकारी दी जाएगी।
यूटी प्रशासन ने शहर में भूमि संसाधन कम और महंगे होने के चलते क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी स्कीम लागू करने का फैसला लिया था। इसके तहत लोन अमाउंट के ब्याज पर कुछ सब्सिडी दी जाती है, ताकि लाभार्थी अपनी जरूरत के मुताबिक घर का निर्माण, खरीद व बदलाव कर सकें। इसके बारे में ही यह जागरूकता फैलाने के लिए इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार और बुधवार को शहर में 14 जगहों पर यह शिविर लगाए जाएंगे। यह शिविर कालोनी नंबर- 4 स्थित सरकारी स्कूल के पास, सेक्टर-52 स्थित सरकारी स्कूल के नजदीक, आजाद कॉलोनी सेक्टर-53, सेक्टर-56, शाहपुर कॉलोनी सेक्टर-38वेस्ट, जनता कॉलोनी सेक्टर-25, सीएचबी हाउसिंग कांप्लेक्स धनास, राम दरबार फेज-1 और 2, सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कॉलोनी, सीएचबी हाउसिंग कांप्लेक्स मनीमाजरा, सेक्टर-45 स्थित बस स्टॉप के नजदीक, सेक्टर-42, सेक्टर-41 और सीटीयू बस स्टॉप के नजदीक गांव मलोया में लगाए जाएंगे।