चंडीगढ़। 22 सितंबर को आईएस बिंद्रा स्टेडियम में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले मैच के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम बुधवार को शहर पहुंच गई। पहुंचने के बाद खिलाड़ियों ने होटल में आराम किया और शाम चार बजे के बाद कप्तान पैट कमिंस कुछ खिलाड़ियों के साथ स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने बैठकर पिच की बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने करीब तीन घंटे तक यहां अभ्यास कर जमकर पसीना बहाया।
सुबह 11.45 बजे ऑस्ट्रेलिया की टीम चार्टर्ड प्लेन से मोहाली एयरपोर्ट पहुंची। यहां पर सबसे पहले टीम के कप्तान पैट कमिंस एयरपोर्ट से बाहर आए। उनके बाद अन्य खिलाड़ी एयरपोर्ट से बाहर की ओर आते हुए दिखाई दिए। इनमें सीन एबॉट, एलेक्स कैरी, नाॅथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, जॉश इंग्लिश, स्पेंसर जॉनसन, मार्नश लाबुशेन, मिचेल माॅर्श, ग्लेन मैक्सवेल, तनवीर संघा, मैथ्यू शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मिचल स्टार्क, मार्क्स स्टाेइनिस और एडम जंप शामिल रहे। एयरपोर्ट से बस में सवार होकर ऑस्ट्रेलियाई टीम आईटी पार्क स्थित एक होटल के लिए निकल गई। यहां आराम फरमाने के बाद शाम के समय कप्तान के साथ कुछ खिलाड़ी प्रेक्टिस के लिए पीसीए स्टेडियम पहुंचे।
यहां पहुंचकर कप्तान पैट कमिंस सबसे पहले पहले से ढकी हुई पिच के पास गए। उन्होंने पिच के कवर को उठाकर देखा और थोड़ी देर के लिए पिच के पास बैठकर उसका जायजा लेने लगे। इसके बाद कप्तान सहित अन्य खिलाड़ियों ने मैदान के बाहर बने नेट्स पर अभ्यास एरिया के लिए रुख किया। खिलाड़ियों ने सबसे पहले रनिंग और स्ट्रेचिंग सेशन में हाथ-पांव को खाेला। इसके बाद नेट्स पर गेंदबाजी और बल्लेबाजी का सेशन रखा गया था, जहां दो ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ी बल्लेबाजी के लिए पहुंचे।
लोकल गेंदबाजों ने कराया अभ्यास
ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ियों को नेट्स पर अभ्यास कराने के लिए पीसीए और इससे जुड़े क्रिकेट एसोसिएशन के गेंदबाज पहुंचे थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को तेज गेंदबाजी पर जमकर अभ्यास कराया। वहीं, आस्ट्रेलिया स्टाफ की ओर से खिलाड़ियों को थ्रो बाॅल पर बल्लेबाजी का अभ्यास कराया गया।
कप्तान ने खुद गेंदबाजी की
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस खुद हाथाें में गेंद पकड़ते हुए नेट्स एरिया में पहुंच गए। जहां पर उन्होंने तेज गेंदबाजी में आधा घंटे से अधिक जमकर गेंदबाजी की। तेज गेंदबाजी पर उन्होंने अपनेआप का परखा।