पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड से 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए बुरी खबर है। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने इन विद्यार्थियों के वीजा नामंजूर करने शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड में भ्रष्टाचार होता है। इस कारण विद्यार्थी उच्च अंकों का सर्टिफिकेट लेकर स्टडी वीजा के लिए आ जाते हैं जबकि आइलेट्स में पांच बैंड हासिल करना भी उनके लिए मुश्किल होता है।
ऑस्ट्रेलिया की शिक्षा जांच एजेंसी नूसराएईआई ने अपनी रिपोर्ट सरकार को भेजी है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया दूतावास में स्टडी वीजा के दौरान कई ऐसे केस आए थे जिसमें विद्यार्थियों ने 12वीं में अंग्रेजी में 80 फीसदी अंक हासिल किए थे लेकिन आइलेट्स में वे पांच बैंड भी नहीं ले पाए। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई दूतावास का माथा ठनका और उन्होंने इसकी सूचना नूसराएईआई को दी। जांच एजेंसी नूसराएईआई ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपी है।
यह कहा गया जांच रिपोर्ट में
शिक्षा जांच एजेंसी ने रिपोर्ट में कहा है कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में काफी भ्रष्टाचार है। पंजाब में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी इसी वजह से ज्यादा अंक हासिल कर रहे हैं। इसी तर्ज पर हरियाणा बोर्ड की रिपोर्ट बनाई गई। इसमें कहा गया कि हरियाणा शिक्षा बोर्ड पंजाब के मुकाबले काफी अच्छा है। पंजाब के सरकारी स्कूलों से 12वीं पास कर ऑस्ट्रेलिया जाने वाले विद्यार्थियों को वीजा न दिया जाए।