गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के प्रमुख साजिशकर्ता गोल्डी बराड़ को अमेरिका में हिरासत में लिए जाने संबंधी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा दावा किए जाने के तीन दिन बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया है। अब एक यूट्यूब चैनल के पत्रकार से बराड़ का ऑडियो इंटरव्यू सामने आया है।
इसमें खुद को गोल्डी बराड़ बता रहे व्यक्ति ने अमेरिका में उसे हिरासत में लिए जाने की बात को गलत बताया है। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री मान झूठ बोल रहे हैं। इसी इंटरव्यू को आधार बनाकर विपक्षी दल सरकार पर जुबानी हमला कर रहे हैं। साथ ही सरकार से मांग कर रहे हैं कि सरकार व पुलिस अपनी स्थिति साफ करे, जबकि इसकी पुष्टि कोई भी नहीं कर रहा है कि इंटरव्यू में शामिल व्यक्ति गोल्डी बराड़ ही है।
यूट्यूब चैनल को एक ऑडियो इंटरव्यू दिया गया। इसमें पत्रकार के सवालों का जवाब दे रहा व्यक्ति कह रहा है कि वह काफी समय पहले ही कनाडा और अमेरिका छोड़कर यूरोप में चला गया था। साथ ही वह बिल्कुल तंदरुस्त है। हालांकि पत्रकार ने उसे यह भी कहा कि हो सकता है कि आप एजेंसियों को मिसगाइड कर रहे हो। इस पर व्यक्ति ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। उसने इंटरव्यू में दावा किया कि उसे जिंदा नहीं पकड़ा जा सकता है। कभी गिरफ्तारी की नौबत भी आई तो खुद को गोली मार लेगा। वह हर समय अपने पास हथियार रखता है।
इस इंटरव्यू में एक अन्य व्यक्ति भी खुद को गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा बता रहा है। लंडा मोहाली में पुलिस मुख्यालय में हुए आरपीजी हमले का मुख्य आरोपी भी है। उसने इंटरव्यू में सीएम के दावों को नकारा। साथ ही गैंगस्टरों का महिमा मंडन किया। इतना ही नहीं राजस्थान में हुई गैंगस्टर की हत्या को भी खुद का काम बताया। इसी तरह उसने बड़ी वारदात को करने की बात कही।
गुजरात चुनाव की पूर्व संध्या पर मान ने क्यों किया दावा: सुखबीर
पंजाब के सीएम भगवंत पर निशाना साधते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कहा कि यह मामला आप की राजनीति का सटीक वर्णन करता है। ये लोगों को धोखा देने के लिए झूठ और छल का सहारा लेते है। भगवंत मान ने इसका पालन किया और गुजरात चुनाव की पूर्व संध्या पर अमेरिका में गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी का दावा किया। अब उन्हें गोल्डी को पकड़ने के लिए कदम उठाने चाहिए और पंजाब के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
मान की किसी बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता : मजीठिया
पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि गोल्डी बराड़ अभी पकड़ा नहीं गया है। उसे पकड़ने की प्रक्रिया इतनी आसान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री ने ऐसा गुमराह करने वाला बयान क्यों दिया? क्या वह अपनी साख बचा रहे हैं। क्या कानून-व्यवस्था को बहुत अच्छा दिखाने के लिए यह बयान दिया गया? भगवंत मान की किसी बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
अकाली नेताओं ने पंजाब में गैंगस्टरों-तस्करों को दिया संरक्षण : आप
वहीं आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वह गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के मुद्दे पर पंजाब के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि सरकार पर सवाल उठाने से पहले मजीठिया ड्रग्स माफिया के साथ अपने संबंधों पर स्पष्टीकरण दें।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कंग ने कहा कि नशे के मामले में मजीठिया अभी जमानत पर बाहर हैं। वे बरी नहीं हुए हैं, इसलिए उन्हें लोगों द्वारा भारी बहुमत से चुनी हुई आप सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। कंग के साथ पंजाब जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सन्नी अहलूवालिया और आप प्रवक्ता एडवोकेट रविंदर सिंह भी मौजूद थे।
कंग ने अकाली नेता के बयान पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अपने 10 साल के शासन के दौरान इन लोगों ने ड्रग तस्करों, गैंगस्टरों और माफिया को संरक्षण दिया। अब मान सरकार द्वारा गैंगस्टरों पर की जा रही कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।
कंग ने मजीठिया को कुख्यात ड्रग माफिया सतप्रीत सिंह उर्फ सत्ता, अमरिंदर सिंह उर्फ लाड्डी के साथ अपने संबंधों के बारे में बताने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यह हास्यास्पद है कि मजीठिया एक कुख्यात गैंगस्टर के बयान का समर्थन कर रहे हैं और पंजाब के मुख्यमंत्री के बयान पर सवाल उठा रहे हैं।