चंडीगढ़। पीसीए के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। आईपीएल के यहां हुए पहले मैच में दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला। दो मैचों से लगातार जीत रही पंजाब किंग्स की टीम एक बार फिर इसी मैदान पर राजस्थान रॉयल्स की टीम से हार गई। टीम के हारते ही पंजाब किंग्स के प्रशंसकों के चेहरे मुरझा गए। पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस के गीतों पर दर्शक जमकर झूमे। बेशक मैच पंजाब किंग्स हार गया हो, लेकिन मैच के दौरान दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ। मुल्लांपुर के होम ग्राउंड पर कप्तान श्रेयस अय्यर से काफी उम्मीदें थी, लेकिन वह राजस्थान के गेंदबाज जोफर आर्चर की गेंद पर 10 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड हो गए। उनके आउट होते ही पूरे स्टेडियम में सन्नाटा छा गया।
मैच से पहले स्टेडियम के बाहर लंबी लाइनों में लगाते हुए लोग स्टेडियम के अंदर दाखिल हुए। देखते ही देखते 40 हजार के करीब क्षमता वाला स्टेडियम पैक हो गया। दर्शकों के बीच मैच का क्रेज इतना था कि स्टेडियम तक पहुंचने के लिए वाहनों की लंबी-लंबी कतारों में लगे प्रशंसकों को मशक्कत करनी पड़ी। दूधिया रोशनी में रंग बिरंगी ड्रेस में खेले गए इस मुकाबले को दर्शकों ने लुत्फ उठाया। सिद्दू मूसेवाला के गानों पर प्रशंसकों ने जमकर मस्ती की। वहीं इस सीजन में बदलाव के चलते स्टेडियम के टॉप पर कैनोपी लगाई है। इस पर लाल रंग की रोशनी दूर से ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। इस मुकाबले को देखने के लिए ट्राइसिटी के साथ पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों से क्रिकेट प्रशंसक पहुंचे थे।
संजू सैमसन ने आउट होते पटका बल्ला, जायसवाल का चला बल्ला
पंजाब की टीम ने इस मुकाबले मे पहले गेंदबाजी को चुना। राजस्थान राॅयल्स के सलामी बल्लेबाज एवं कप्तान संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने आते ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए। दोनों सलामी बल्लेबाजी जोड़ी ने 10.2 ओवर में टीम का स्कोर 89 रन के पार पहुंचा दिया। पिछले तीन मैचों में फ्लॉप साबित हुए यशस्वी जायसवाल ने पांच गगनचुंबी छक्के और तीन चाैके की मदद से 45 बॉल में 67 रन बनाए। उन्होंने मैदान के चोरों तरफ शॉट लगाते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। खतरनाक जोड़ी को पंजाब किंग्स के गेंदबाज लॉकी फग्र्यूसन ने तोड़ा। उन्होंने संजू को 38 के निजी स्कोर पर कप्तान श्रेयस के हाथों कैच आउट कर यह जोड़ी तोड़ी। आउट होते ही संजू आना आपा खो बैठे और मैदान पर अपना बल्ला जोर से पटक दिया।
जैस्मीन सैंडलस ने किया प्रशंसकों को मनोरंजन
पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में ओपनिंग सेरेमनी में समा बांध दिया। जैसे ही जैस्मीन स्टेडियम में पहुंचीं दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता देखते हुए ही बन रही थी। उन्होंने अपनी गानों की हिट नंबर पर शानदार परफॉर्मेंस देकर खूब तालियां बटोरी। जैस्मीन ने अपने हिट नंबर मुंड़ेआं नू सूली उते टंगी रखदा मेरा नखरा मेरा नखरा तिखी तलवार वरगा, तरस नहीं आया तेंनू ..., जै मेंनू प्यार न मिले ता मैं मर जावां... जैसे गानों की प्रस्तुति देकर युवाओं को झूमने का अवसर दिया। इस प्रस्तुति के बाद जैस्मीन सैंडलस ने स्टेडियम के भीतर बाउंड्री लाइन के चारों और गाड़ी पर चक्कर लगाते हुए प्रशंसकों का अभिनंदन किया।
फीस देने के बजाय दूसरी जगह खड़े किए वाहन
पिछले आईपीएल सीजन में मैच देखने आए दर्शकों को पार्किंग की काफी समस्या का सामना करना पड़ा था। इस बार को ध्यान में रखते हुए पंजाब किंग्स मैनेजमेंट की ओर से दो पहिया वाहन की पार्किंग के लिए 100 रुपये और चार पहिया वाहन की पार्किंग के लिए 200 रुपये फीस रखी थी। दूसरी तरफ लोगों ने पार्किंग फीस बचाने के लिए सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए। दो पहिया वाहन सड़क किनारे ही लगे हुए दिखाई दिए।