नगर निगम आठ साल बाद अपनी प्रापर्टी बेचकर कमाई करने जा रहा है। नगर निगम इस साल मौलीजागरां में बनी 220 बूथों की मार्केट को बेचने की योजना बना रहा है। इनका ड्रा निकाला जाएगा। इसका प्रस्ताव इस माह होने वाली सदन की बैठक में चर्चा के लिए आ रहा है।
मेयर पूनम शर्मा की ओर से प्रस्ताव बैठक में शामिल करने के लिए भेज दिया गया है। इसमें कहा गया है कि यह बूथ मार्केट महिलाओं को ही अलॉट की जाए। ऐसे में ड्रा में सिर्फ शहर की महिलाएं ही आवेदन कर पाएंगी। इन दुकानों को बेचने से नगर निगम को 30 से 35 करोड़ रुपये की कमाई होगी।
प्रति बूथ का रिजर्व प्राइस 13 से 15 लाख रुपये तय करने का प्रस्ताव है। इससे नगर निगम की ग्रांट की कमी भी पूरी हो जाएगी। प्रशासन ने नगर निगम के आगामी प्लान बजट की ग्रांट 136 से कम करके 102 करोड़ कर दी है। ऐसे में 34 करोड़ की ग्रांट कम होने से नगर निगम में चल रहे और प्रस्तावित प्रोजेक्टों पर सकंट छा गया था।