राकेश की फोटो के साथ बच्चे और परिवार।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मामूली विवाद के बाद चार लोगों के हमले में एक युवक रावी दरिया में कूद गया। हमले में उसका भाई और भतीजा भी घायल हो गए। दोनों का इलाज पठानकोट के निजी अस्पताल में चल रहा है। मामला पठानकोट के गांव गज्जू जगीर का है। आरोपियों की पहचान तारागढ़ निवासी राकेश कुमार, डिंपल, पंकज कुमार और रत्नगढ़ निवासी डिंपल कुमार के रूप में हुई है।
लापता राकेश कुमार गांव गज्जू जगीर का रहने वाला था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी फरार हैं। राकेश के भाई ज्योति सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उनके गांव के पास पोल्ट्री फार्म चलाते हैं। रोजाना ऊंची आवाज में गाने लगाकर गांव का माहौल खराब करते थे।
यह भी पढ़ें- पीआरटीसी ने 80 रूटों पर बस सेवा शुरू की, एहतियात के बावजूद कम दिखी यात्रियों की भीड़
18 मई को राकेश अपने साथियों के साथ पोल्ट्री फार्म गया और आरोपियों को समझाने की कोशिश की। उक्त आरोपियों ने उस दौरान भी उनके साथ हाथापाई की। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। मंगलवार देर शाम उक्त आरोपी गांव गज्जू जगीर के क्रिकेट ग्राउंड में हथियारों सहित आए और वहां क्रिकेट खेल रहे राकेश, ज्योति और भतीजे जसवीर सिंह पर हमला कर दिया।
राकेश कुमार पर जब कुछ वार हुए तो वह अपनी जान बचाने को रावी नदी में कूद गया। हमलावर नदी किनारे खड़े रहे। तेज बहाव के कारण राकेश बाहर आने लगा तो उक्त लोगों ने फिर से उसे नदी में धकेल दिया। काफी देर तक तेज बहाव में जद्दोजहद के बाद घायल राकेश कुमार थककर बह गया।
इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने टीमें गठित की और बुधवार दोपहर तक दो लोगों को गिरफ्तार किया। एसपी इन्वेस्टिगेशन पीएस विर्क का कहना है कि दो आरोपियों डिंपल और पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने लापता की तलाश के लिए गोताखोर लगाए हैं। हेडवर्कर्स से रावी के पानी का बहाव घटाया गया है।