डेराबस्सी पुलिस स्टेशन के पास शक्ति नगर में स्थित लोंगोवॉल पॉलिटेक्निक कॉलेज के बाहर सोमवार दोपहर को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तलवारों से लैस एक दर्जन के करीब हमलावरों ने कालेज के छात्र व उसके चचेरे भाई पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया।
दोनों घायलों को सिविल अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती करवाया गया। सिविल अस्पताल में घायल छात्र गुरप्रीत सिंह निवासी गांव मुकंदपुर ने बताया की वह लोंगोवॉल पॉलिटेक्निक कॉलेज में सीएससी दूसरे साल की पढ़ाई कर रहा है। दोपहर के समय उसका चचेरा भाई गुरजंट सिंह उस को लेने के लिए आया था।
जब वह कालेज के बाहर निकला तो उस के साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने अपने करीब एक दर्जन अज्ञात साथियों के साथ दोनों पर हमला कर दिया। हमलावर तलवारों व तेजधार हथियारों से लैस थे। इस हमले मे उस के हाथ व माथे पर गहरी चोट लगी, जबकि उस के चचेरे भाई के सिर में गहरा घाव आया। बड़ी मुश्किल से उसने भाग कर मौके से जान बचाई।
लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर योजनाबद्ध तरीके से आए थे। जो एक पुराने थैले में हथियार छुपा कर लाए थे। वह पहले से ही छात्रों का इंतजार कर रहे थे। जब दोनों बाहर आए वह उन पर टूट पड़े। अगर राहगीर न बचाते तो दोनों घायलों को ज्यादा चोट आ सकती थी। थाना प्रभारी तरलोचन सिंह ने बताया कि घायलों का बयान लेकर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।