आंध्रा-गोवा-शिमला ट्राजेंक्ट टक्रोलॉजी लिमिटेड कंपनी ने एसबीआई बैंक से इस एटीएम को आउटसोर्स किया हुआ है, जिसमें कैश वगैरह डालने और मेंटेनेंस के लिए कंपनी जिम्मेदार होती है। कंपनी के एरिया मैनेजर चंडीगढ़ निवासी अनिल कुमार ने सिविल लाइन थाना में दी शिकायत में बताया कि चोरी होने से पहले एटीएम मशीन में 12 लाख 95 हजार 200 रुपये कैश था। अज्ञात आरोपियों ने मशीन समेत पूरा कैश चोरी कर लिया और फरार हो गए।
एटीएम पर नहीं था कोई सुरक्षा कर्मी
जिस समय चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, उस समय एटीएम मशीन पर कोई सुरक्षा कर्मी नहीं था। आसपास में कोई पुलिस कर्मचारी तक सड़क पर नहीं था। अगर होता तो शायद यह वारदात नहीं होती। कंपनी के मैनेजर ने बताया कि एटीएम पर सुरक्षा कर्मी के लिए उन्हें अनुमति नहीं मिली, जिस कारण वे वहां पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं कर सके। ऐसे में केवल सीसीटीवी कैमरे पर ही निगरानी की जिम्मेदारी थी, जिसे आरोपियों ने वारदात से पहले ऊपर की तरफ मोड़ दिया था। वो कैमरा भी साथ लगती दुकान पर लगाया हुआ था।
रात को ढाई बजे दिया वारदात को अंजाम
वारदात को करीब ढाई बजे अंजाम दिया गया। सीसीटीवी कैमरे में एक बोलेरो गाड़ी आती हुई दिख रही है। जो बैक होकर एटीएम के निकट लगी। इसके बाद कैमरे का एंगल बदल दिया गया। बाद में चोर एटीएम मशीन को ही उखाड़ कर ले गए। जिस तरह से एटीएम कक्ष के बाहर व अंदर टूट-फूट नजर आ रही है।
उसे देखकर स्पष्ट है कि एटीएम मशीन को किसी लोहे की तार आदि से बांध कर गाड़ी के साथ बाहर खींचा गया है। जिसमें बड़ा धमाका भी हुआ होगा। क्योंकि बाहर सीढ़ियों की सारी मार्बल ईंटें भी टूटी हुई हैं। लेकिन पुलिस को कानों-कान भनक नहीं लगी। जबकि पिहोवा चौक, इससे आगे अंबाला रोड, दूसरी ओर जींद रोड व करनाल रोड पर चारों जगह पुलिस के नाके लगे हुए हैं। सवाल यह भी उठता है कि पुलिस द्वारा नाइट डोमिनेशन भी किया गया था। क्या चोर पुलिस की सारी जानकारी जुटाने के बाद ही इस तरह की वारदात को अंजाम देते हैं? यह जांच का विषय है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सिविल लाइन थाना एसएचओ प्रह्लाद राय ने बताया कि पुलिस को करीब आठ बजे सूचना मिली थी कि शहर में छोटू राम चौक पर एसबीआई के एटीएम को चोरों उखाड़ लिया है। इसमें कैश भी था। पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। एटीएम की देखरेख करने वाली कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही हैं। वहीं फोरेंसिक टीमें भी साक्ष्य जुटा रही हैं। घटना को अन्य वारदातों के साथ जोड़कर भी देखा जा रहा है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्तार में होंगे।
कलायत व चीका क्षेत्र से भी 22 लाख रुपये सहित एटीएम उखाड़कर ले गए थे चोर
करीब एक माह पहले कलायत क्षेत्र के एक गांव से भी अज्ञात आरोपियों ने 22 लाख रुपये से भरे एटीएम को उखाड़ लिया था। वहीं गुहला में भी चोरों ने एटीएम को उखाड़ लिया था, जिसे आग लगने के कारण चोरों ने उसे नहर में ही फेंक दिया था। जिले में इस प्रकार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन कार्रवाई सख्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। पंद्रह दिन पहले ही चोर गुहला से एक एटीएम चोरी कर ले गए थे। जो पंजाब के एक गांव के खेतों में मिला था।