फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: तंत्र-मंत्र से जाना मंगल मजबूत, इसीलिए बनाया ट्यूज डे गैंग, मंगलवार को ही करते थे वारदात

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। मंगलवार को शुभ मानकर इसी रात चोरी करने वाले ट्यूज डे गैंग का चंडीगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना सतपाल सिंह खुद को तांत्रिक बताता है। उसने अपने साथियों रवि उर्फ पंडित और निखिल कुमार की जन्मकुंडली देखकर तीनों का मंगल मजबूत पाया। इसके बाद मंगलवार की रात को ही वारदात करने का नियम बना लिया। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मकान की रेकी के साथ उसके वास्तु और मालिक के नाम से कुंडली में मंगल की स्थिति जानने की कोशिश करते थे।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार एक सितंबर मंगलवार की रात गिरोह सेक्टर-9 की कोठी में घुसा लेकिन सेफ्टी अलार्म बज गया। आरोपी भागने के बजाय बगल की कोठी में घुसकर छिप गए। इस दौरान पुलिस और मकान मालिक भी मौके पर पहुंच गए, फिर भी आरोपी करीब दो घंटे तक छिपे रहे और वहां से निकल गए। इसके बाद अगले मंगलवार (8 सितंबर) के लिए फिर कुंडली देखी गई। मंगल अनुकूल मानकर गिरोह ने सेक्टर-8 की एक कोठी को निशाना बनाया और करीब 70 किलो की तिजोरी उखाड़ ले गया।

रविवार से शुरू होती थी वारदात की तैयारी
पुलिस के मुताबिक सतपाल हर वारदात से पहले रविवार को हरियाणा के जिला पलवल स्थित घर से निकलता था। तिजोरी चोरी की वारदात में भी वह रविवार को पलवल से निकला और रूपनगर पहुंचा, जहां रवि और निखिल मिले। सोमवार की रात तीनों ने रूपनगर में गुजारी और मंगलवार देर रात चंडीगढ़ में वारदात की।
विज्ञापन


सोते परिवार के घर से उखाड़ी तिजोरी
पुलिस के अनुसार सेक्टर-8 निवासी सुरेंद्र मोहन सिंह संधू के घर में वारदात रात करीब 11 बजे के बाद हुई। परिवार के सोने के बाद आरोपी पीछे सर्विस लेन की ओर बने खाली कमरे की खिड़की से दाखिल हुए। ग्राउंड फ्लोर के बेडरूम की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर शीशा तोड़ा और पहली मंजिल के स्टोर रूम तक पहुंचे। वहां दीवार में बोल्ट से फिक्स करीब 70 किलो की तिजोरी को उखाड़ लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी तिजोरी बाइक पर ले गए। बाद में उसे कटर की मदद से काटकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी निकाल ली। टूटी तिजोरी को भाखड़ा-नांगल डैम में फेंक दिया गया। तिजोरी में सोने के वजनी कड़े, दो जोड़ी कानों के जेवर, करीब तीन किलो चांदी के आभूषण और अन्य सामान था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन वारदात सुलझाने का दावा
आरोपियों की पहचान पलवल निवासी सतपाल सिंह, पिंजौर निवासी रवि उर्फ पंडित और रूपनगर निवासी निखिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने सेक्टर-3 थाना क्षेत्र की तीन चोरी की वारदातें सुलझाने का दावा किया है। सतपाल और रवि तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हैं जबकि निखिल न्यायिक हिरासत में है। पुलिस ने आरोपियों से चंडीगढ़ की दो और पंजाब की एक फर्जी नंबर प्लेट, काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स/स्प्लेंडर बाइक और सेंधमारी के औजार बरामद किए हैं। चोरी के सामान में टिसॉट, ह्यूगो बॉस, टॉमी हिलफिगर, दो कैसियो, पुलिस ब्रांडेड और मेजेस्ट्रॉन क्वार्ट्ज घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के बर्तन शामिल हैं। कटर मशीन, अन्य औजार, इंपोर्टेड ड्राई फ्रूट्स और चोरी किए कपड़े भी मिले हैं।

सतपाल पर आठ और रवि पर कई मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सतपाल के खिलाफ 2003 से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और रेलवे पुलिस क्षेत्र में आठ मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें चोरी, डकैती, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। रवि के खिलाफ 2015-16 में हरियाणा और चंडीगढ़ में चोरी, सेंधमारी और चोरी का सामान रखने समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी का सामान ठिकाने लगाने वाले संपर्कों के बारे में पूछताछ कर रही है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश पुलिस से उनके रिकॉर्ड का सत्यापन भी कराया जा रहा है।

वर्जन
पुलिस ने ट्यूज डे गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मंगलवार को वारदात करने और कुंडली-वास्तु के आधार पर घर चुनने की बात सामने आई है। आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ जारी है। -संजीव कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-3
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें