इसी ट्रक की चपेट में आने से गई बुजुर्ग की जान।
लोहा नगरी मंडी गोबिंदगढ़ के मुख्य चौक पर बुधवार को दोपहर दो बजे हुए सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। मृतक की पहचान अमरजीत सिंह निवासी गांव कुंभ, मंडी गोबिंदगढ़ के तौर पर हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि हादसे में मृतक अमरजीत सिंह मंडी गोबिंदगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सहायक इंचार्ज गुरमीत सिंह के पिता हैं, जो अपनी साइकिल से गांव कुंभ से लौट रहे थे तभी मुख्य चौक अमलोह रोड पर एक ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया।
ट्रक पूरी तरह से सामान से लोड था। हादसे के तुरंत बाद लोगों ने ट्रक चालक को घेर लिया और कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग अमरजीत सिंह को ट्रक के पिछले टायरों से बाहर निकाला। इस हादसे में बुजुर्ग की एक टांग और एक बाजू पूरी तरह से कुचल गई। घटना के थोड़ी देर बाद ही बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक अमरजीत सिंह पहले से ही एक बाजू से अपंग थे।
उधर, घटनास्थल पर अपने पिता की जमीन पर खून से लथपथ शव देखकर सहायक ट्रैफिक इंचार्ज गुरमीत सिंह बेसुध हो गए और परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल ट्रक चालक फरार है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई में जुटी थी। बता दें कि हादसे से कुछ दूरी पर ही मुख्य चौक पर ड्यूटी पर तैनात मृतक के बेटे गुरमीत सिंह अजनाली क्षेत्र में बारिश में ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए गए हुए थे। उन्हें ट्रैफिक इंचार्ज जसपाल सिंह ने फोन पर जानकारी देकर बुलाया। घटनास्थल पर परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।