एएसआई सुखविंदर पाल सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के सरहिंद में जीआरपी में तैनात एएसआई संदिग्ध हालात में लापता हो गया है। एएसआई सुखविंदर पाल सिंह की कार सरहिंद भाखड़ा नहर के किनारे से मिली है। कार से बरामद सुसाइड नोट में जीआरपी सरहिंद के एसएचओ और मुंशी पर परेशान करने का आरोप लगाया गया है।
एएसआई सुखविंदर पाल सिंह गत रात ड्यूटी से गांव चरणार्थल स्थित घर नहीं पहुंचा और सुबह उनकी कार सरहिंद नहर के पास खड़ी मिली। गोताखोरों की मदद से नहर में एएसआई की तलाश की जा रही है। लापता सुखविंदर पाल सिंह ने सुसाइड नोट में लिखा है कि जीआरपी के एसएचओ गुरदर्शन सिंह और मुंशी गुरिंदर सिंह ढींढसा उन्हें परेशान करते थे। वर्ष 2022 की एफआईआर नंबर 18 में चालान पेश करने को लेकर ज्यादा परेशान किया जा रहा था। फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने कार और सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया है।
एसएचओ और मुंशी लाइनहाजिर
रेलवे पुलिस के डीएसपी जगमोहन सिंह ने कहा कि प्राथमिक जांच में जीआरपी सरहिंद के एसएचओ और मुंशी दोनों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जीआरपी खन्ना के प्रभारी कुलदीप सिंह को एडिशनल एसएचओ सरहिंद लगाया गया है। फतेहगढ़ साहिब के एसपी राकेश यादव ने बताया कि डीडीआर मूलेपुर थाना में दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। ठोस सबूत मिलने के बाद अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।