डेरा नूर महल दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के मुखिया आशुतोष महाराज के शरीर का अंतिम संस्कार करने के आदेशों के खिलाफ याचिका पर बहस करने के लिए पंजाब सरकार ने वीरवार को फिर एक बार समय दिए जाने की अपील की।
एजी ने कहा कि एसवाईएल को लेकर एक अहम बैठक है, इस कारण वह बहस नहीं कर सकते। हाईकोर्ट ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बार-बार समय मांगने की गलती न की जाए, इस बार अंतिम मौका दे रहे हैं और 5 मई को हर हाल में इस मामले में पंजाब सरकार अपना पक्ष रखे।
पंजाब के एडवोकेट जरनल अतुल नंदा ने वीरवार सुबह हाईकोर्ट के सामने पेश होकर आग्रह किया कि एसवाईएल विषय पर एक अहम बैठक होने जा रही है। इस कारण वे बहस करने में असमर्थ हैं। पिछली सुनवाई पर भी हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार द्वारा समय मांगने पर कड़ी फटकार लगाते हुए इस मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि ऐसे तो इस मामले का कभी निपटारा ही नहीं हो पाएगा।