हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए बड़ा दावा किया है। प्रदेश भर से बुलाए कांग्रेस प्रतिनिधियों के सम्मेलन में तंवर ने दावा किया कि भाजपा और इनेलो के सांसद व विधायक पार्टी के संपर्क में हैं। नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति के साथ ही चालीस से पचास बड़े नेता कांग्रेस ज्वाइन करेंगे। तंवर ने कहा कि सत्ताधारी और विपक्षी दल इनेलो में सांसद-विधायक घुटन महसूस कर रहे हैं। तंवर ने कहा कि भाजपा के अधिकतर सांसद-विधायकों को इस बार हार का सामना करना पड़ेगा।
तंवर ने आरोप लगाया कि भाजपा हर हथकंडा अपनाकर चुनाव जीतना चाहती है। पार्टी ने विधायकों को चुनाव के लिए एक-एक करोड़ रुपये इकट्टा करने का टारगेट दिया है। इनेलो की तर्ज पर ही उद्यमियों से लाखों रुपये की वसूली की जा रही है। इससे साफ है कि भाजपा को भी अपनी स्थिति मालूम हो चुकी है। तंवर ने चुनावों को लेकर अपने समर्थक नेताओं को फील्ड में उतरने के निर्देश दे दिए हैं।
साथ ही पार्टी के अभियान घर-घर कांग्रेस, बिजली पानी संकट, साइकिल यात्रा, बूथ लेवल कमेटियां बनाने, दलितों पर अत्याचार और आंदोलनरत कर्मचारी वर्ग को समर्थन देने में तेजी से जुटने के निर्देश दिए हैं। अगले दो महीने में इन अभियान पर गंभीरता से काम करने वाले नेताओं को ही चुनाव लड़ने के लिए गंभीर प्रत्याशी माना जाएगा। तीन महीने बाद सूरजकुंड में विधानसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों सम्मेलन भी बुलाएंगे।
सितंबर-अक्टूबर में बड़ी रैली करेंगे तंवर
कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि प्रतिनिधियों के सम्मेलन में बड़ी रैली करने का सुझाव आया है। अभी बरसात का मौसम है, इसलिए सितंबर-अक्टूबर में बड़ी रैली की जाएगी। प्रजातंत्र, संविधान और भाईचारे को बचाना उनका मुख्य लक्ष्य है। कांग्रेस प्रदेश में बहुमत से सरकार बनाएगी।
सम्मेलन में पंच-सरपंचों का राज्यस्तरीय सम्मेलन बुलाने, शहीदों के आश्रितों, वीरांगनाओं और सम्मानित व सम्मेलन करने, अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक बुलाने, घुमंतू-अर्ध घुमंतू व विमुक्त समाज का सम्मेलन बुलाने का भी सुझाव आया है। सुझावों को रोडमैप बनाकर काम करेंगे।