हरियाणा रोडवेज ने नोटबंदी के बाद टोल टैक्स माफ होने पर किराए में दी रियायत को खत्म कर दिया है। दो दिसंबर को रात बारह बजे के बाद टोल वसूली शुरू होने पर रोडवेज ने अब पुराना किराया वसूलना शुरू कर दिया है।
शनिवार को हरियाणा परिवहन विभाग की निदेशक अनीता यादव ने इसके निर्देश जारी किए थे। देर रात से किराए में पांच रुपये प्रति टोल की गई कटौती वापस ले ली गई। रविवार को रोडवेज के सभी डिपो महाप्रबंधकों ने बस कंडक्टरों को असल किराया ही वसूलने के निर्देश दे दिए, जिन पर अमल भी शुरू हो गया है।
नोटबंदी के बाद टोल टैक्स खत्म किए जाने पर हरियाणा सरकार के निर्णय के बाद रोडवेज ने किराए में कटौती की थी। चंडीगढ़ से दिल्ली का पंद्रह रुपये और चंडीगढ़ से हिमाचल का दस रुपये किराया कम वसूला जा रहा था।