सुखना लेक के खुलने के बाद घूमने पहुंचे लोग।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। कोरोना महामारी के बीच शुक्रवार से सुखना लेक से पाबंदियां हटते ही सैलानी घूमने पहुंचे। कई लोग प्रतिदिन की सैर के लिए पहुंचे तो कोई बाहर से आए मेहमानों को लेकर सुखना पर पहुंचा। इस दौरान लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। हालांकि पुलिस की सख्ती लेक पर बरकरार थी। लोगों को मास्क लगाने के लिए भी पुलिसकर्मी लगातार टोक रहे थे। लोगों ने वोटिंग के साथ झूले और ऊंट पर बैठकर सुखना का लुत्फ उठाया। हालांकि पक्षीशाला न खुलने से लोगों को थोड़ी मायूसी हुई। काफी लोग धूप खिलने के बाद पक्षियों के देखने के लिए भी पहुंचे थे, लेकिन प्रशासन ने वहां के गेट फिलहाल लोगों के लिए नहीं खोले हैं।
क्या कहते हैं लोग
यहां घूमना मेरी दिनचर्या का हिस्सा
यहां घूमने आना मेरी दिनचर्या का हिस्सा है। पाबंदी होने से मुझे सैर करने अन्य जगहों पर जाना पड़ता था। खुशी है कि अब फिर सुखना लेक पर सैर करने आ पाऊंगा। - रवि वत्स, निवासी नयागांव
हम सीधे प्रकृति से जुड़ रहे हैं
सुखना लेक हमारे शहर की शान है। इतने दिनों बाद वापस यहां घूम पाने का अनुभव ऐसा है जैसे हम सीधे प्रकृति से जुड़ रहे हैं।
- ममता सूर्यवंशी, निवासी पीजीआई कैंपस
बहुत दिनों से आना चाहता था, आज तमन्ना पूरी हो गई
बहुत दिनों से यहां घूमने आना चाहता था। जैसे ही लेक के खुलने की सूचना मिली, वैसे ही चला आया। - तारा सिंह, सैलानी, निवासी नई दिल्ली
परिवार के साथ घूमने आया हूं
काफी दिनों से इंतजार था कि प्रशासन सुखना लेक खोल दे । सूचना मिलते ही परिवार सहित घूमने आया हूं। -गौतम, निवासी पीजीआई कैंपस