दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल।
- फोटो : आम आदमी पार्टी।
कांग्रेस हाईकमान ने जहां लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के फैसले के तहत, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में सीट-शेयरिंग पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है, वहीं अब आम आदमी पार्टी भी अपने स्तर पर यह कवायद शुरू करने जा रही है।
इस कड़ी में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल 21 जनवरी को चंडीगढ़ आएंगे और पंजाब आप के नेताओं और पार्टी वर्करों से मुलाकात कर सूबे में कांग्रेस के साथ सीट-शेयरिंग के बारे में जमीनी हालात का जायजा लेंगे।
जानकारी के अनुसार, केजरीवाल चंडीगढ़ में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। केजरीवाल के चंडीगढ़ पहुंचने को लेकर पार्टी स्तर पर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चंडीगढ़ के सह-प्रभारी एसएस आहलुवालिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
गौरतलब है कि कांग्रेस के साथ सीट-शेयरिंग के मामले में आप ने चंडीगढ़ की एकमात्र लोकसभा सीट पर अपना दावा जता दिया है। पंजाब आप के नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात के दौरान केजरीवाल प्रदेश की कुल 13 लोकसभा सीटों में कांग्रेस के साथ शेयरिंग बारे फीडबैक लेंगे।
पंजाब आप के नेता कांग्रेस के साथ राज्य में 50-50 फार्मूले के तहत सीटों पर शेयरिंग चाहते हैं, जिसके बारे में केजरीवाल को पहले ही जानकारी भी दी जा चुकी है। दूसरी ओर, पंजाब कांग्रेस के इक्का-दुक्का नेताओं को छोड़ अधिकतर सीनियर नेता आप के साथ सीट-शेयरिंग का विरोध कर रहे हैं और पार्टी हाईकमान को अपनी भावनाओं के अवगत भी करा चुके हैं।
हालांकि पंजाब कांग्रेस के विरोध को दो बड़े कारण हैं, जिनमें एक-कांग्रेस इस समय प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल है और सत्ताधारी आप के साथ मिलकर चुनाव लड़ने से उसकी छवि को धक्का लग सकता है। दूसरे आप सरकार द्वारा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार दर्ज किए जा रहे पर्चों से भी कांग्रेसी नेता नाराज हैं।