आम आदमी पार्टी के समन्वयक अरविंद केजरीवाल आज अमृतसर में हैं। पार्टी उम्मीदवारों की चुनावी मुहिम में जान फूंकने के लिए उनका तीन दिवसीय पंजाब दौरान आज अमृतसर से शुरू हो गया।
अमृतसर दौरे की शुरुआत केजरीवाल ने सुबह ही कर दी थी, जब वे कंपनी बाग में सैर करने आए लोगों से मिले और उन्हें आम आदमी पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। दोपहर को दरबार साहिब में माथा टेककर उन्होंने आम आदमी पार्टी के स्थानीय पार्टी के साथ रोड शो निकाला। अभी उनका रोड शो अमृतसर के विभिन्न बाजारों से होता हुआ लाहौरी गेट पहुंच गया है।
इस दौरान अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा कि देश के अच्छे भविष्य के लिए कांग्रेस और भाजपा को हराना बहुत जरूरी है। उनका कहना था कि जब तक आदमी सत्ता में नहीं आएगा, तब तक उनकी जनसुनवाई नहीं होगी।
जालंधर और लुधियाना भी जाएंगे
11 को वह अमृतसर में रोड शो करने के बाद गुरदासपुर हलके के बटाला में रोड शो के लिए जाएंगे। केजरीवाल रात को जालंधर में रुकेंगे और 12 अप्रैल को सुबह जालंधर में रोड शो के बाद दोपहर में लुधियाना में उनका रोड शो होगा।
12 की रात वह लुधियाना में ही रुकेंगे और 13 अप्रैल को संगरूर हलके में चार जगह - अहमदगढ़, मालेरकोटला, संगरूर और सुनाम में रोड शो करने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे। इस दौरान साथ लगते हलकों में भी कुछ देर का प्रोग्राम हो सकता है।
गुल पनाग भी रहेंगी साथ
रोड शो के दौरान चंडीगढ़ से पार्टी उम्मीदवार और बॉलीवुड अदाकारा गुल पनाग भी उनके साथ रहेंगी। दस को अपना चुनाव निपटने के बाद भी गुल पंजाब में प्रचार के लिए जाएंगी।
वहीं, पार्टी के अन्य नेता कुमार विश्वास, मनीष सिसोदिया, रब्बी शेरगिल आदि केभी पंजाब दौरे की संभावना है। आखिरी हफ्ते में केजरीवाल का एक और दौरा भी संभव है।
सोनिया-राहुल आ सकते हैं पंजाब
कांग्रेस फिलहाल दस अप्रैल के चुनाव में व्यस्त है। पार्टी नेताओं के पंजाब दौरे के बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। पर माना जा रहा है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही पार्टी के स्टार कैंपेनर होंगे।
राहुल, यूथ कांग्रेसियों के हलके में रैली करेंगे। जबकि, सोनिया दूसरे हलकों में रैली करेंगी। इनके अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रदेश प्रधान प्रताप बाजवा भी विभिन्न हलकों में रैलियां करेंगे।
मायावती 16 को करेंगी रैली
बसपा की सुप्रीमो और स्टैर कैंपेनर मायावती पंजाब के उम्मीदवारों की मदद के लिए आएंगी। मायावती 16 अप्रैल को नवांशहर में रैली को संबोधित करेंगी। जिसमें सभी उम्मीदवार मौजूद रहेंगी। रैली में पूरे राज्य से बसपा वर्कर शामिल होंगे।