आम आदमी पार्टी के कनवीनर और दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविन्द केजरीवाल ने बुधवार को कहा है कि पंजाब में आम लोगों की सरकार बनने जा रही है, जो बारी बांध कर पंजाब को लूट रहे कैप्टन अमरिंदर और बादलों से छुटकारा देगी और पंजाब में खुशहाल और भय-मुक्त माहौल को कायम करेगी। केजरीवाल अमृतसर दक्षिण हलके में इंकलाब रैली को संबोधित कर रहे थे।
केजरीवाल ने कहा कि बादल और कैप्टन पंजाब को मिल कर लूट और पीट रहे हैं। नशे के कारण मरीज बने नौजवानों पर फर्जी केस डाले जा रहे हैं। इसी तरह अपने हक और रोजगार मांगने वालों को भी झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। अरबों रुपये के घोटाले करने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे भ्रष्ट नेताओं के मुकदमे वापस लिए जा रहे हैं। एक दूसरे को बचाने के लिए कैप्टन और बादल ने पूरी सेटिंग कर रखी है।
जब नशे के मुद्दे पर बिक्रम मजीठिया के विरुद्ध सीबीआई जांच की मांग उठी तो उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। कैप्टन सिंह ने मजीठिया पर सख्त कार्यवाही करवाने की बजाए सोनिया गांधी के जरिये सीबीआई जांच ही रुकवा दी।