रविवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल और पंजाबी एकता पार्टी के मुखिया सुखपाल खैरा आमने सामने होंगे। अनाज मंडी में पार्टी की रैली के अलावा केजरीवाल अमर शहीद सेवा सिंह ठीकरीवाला के शहीदी समारोह कार्यक्रम में भी जाएंगे। शहीदी समागम में केजरीवाल करीब डेढ़ बजे पहुंचेंगे वहीं सुखपाल खैरा दोपहर दो बजे अमर शहीद सेवा सिंह ठीकरीवाला के शहीदी समारोह कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करेंगे।
केजरीवाल की रैली की तैयारियों का जायजा सांसद भगवंत मान, एमएलए गुरमीत सिंह व एमएलए पंडोरी ने लिया। इस मौके पर मान ने कहा कि विरोधी पार्टियों में लोकसभा टिकटों के लिए एक दूसरे की टांगें खींचने की कवायद शुरू हो गई लेकिन आम आदमी पार्टी ने अपने पांच प्रत्याशियों का ऐलान भी कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने रैली वाले स्थान पर 24 गुणा 60 वर्ग फीट की स्टेज तैयार की गई है।
यह स्टेज आठ फुट ऊंचा है। दोपहर 12:30 बजे केजरीवाल रेस्ट हाउस बरनाला में मीडिया से रूबरू होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे वे अमर शहीद सेवा सिंह ठीकरीवाला के शहीदी समारोह कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे बरनाला अनाज मंडी में रैली को संबोधित करेंगे। दोपहर 4 बजे रेस्ट हाउस संगरूर में मीडिया से रूबरू होंगे।
सांसद भगवंत मान ने कहा कि उनकी रैली में किसी भी नेता या वर्कर को दिहाड़ी पर नहीं लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की मालवा में होने वाली रैली 20 जनवरी को बरनाला की अनाज मंडी में होगी, जबकि दूसरी दोआबा की रैली गढ़शंकर में फरवरी और तीसरी विशाल रैली माझा में अमृतसर या जंडियाला में फरवरी में ही होगी।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल बरनाला में लोकसभा चुनाव का आगाज करने आ रहे हैं। एमपी मान ने कहा कि वे बरनाला के आस-पास क्षेत्र में रैलियां कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में आप वर्करों का सैलाब विरोधियों को परेशान कर देगा।