ली कार्बूजिए सेंटर सेक्टर 19 में एक आर्ट वर्कशॉप की शुरुआत हुई। इसे चंडीगढ़ ललित अकादमी की ओर से 19 से 21 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। आर्ट वर्कशॉप 19 नवंबर को, 19 सेक्टर में और 19 कलाकारों की ओर लगाई जा रही है। इस आर्ट वर्कशॉप में देश के कई जाने-माने आर्टिस्ट पहुंचे हुए हैं और वहीं सर्बिया से आई महिला आर्टिस्ट तांजा डेजोरिक भी आर्ट वर्क को पेश कर रही हैं।
ओपनिंग सेरेमनी में इन सभी कलाकारों का आपस में परिचय कराया गया। इसके बाद सभी ने अपने आर्ट वर्क को बनाना शुरू किया। इस मौके पर चंडीगढ़ ललित अकादमी के चेयरमैन भीम मल्होत्रा, सदस्य औैर कला प्रेमी भी पहुंचे। भीम मल्होत्रा ने बताया कि 2017 में सेक्टर 17 में 17 आर्टिस्ट ने आर्ट वर्क दिखाया। वर्ष 2018 में सेक्टर 18 में ऐसा ही हुआ। इस बार 2019 में 19 तारीख और 19 आर्टिस्ट सेक्टर 19 में लाइव पेंटिंग बना रहे हैं। तांजा डेजोरिक इस वर्कशाप में कलर ऑफ एक्सप्रेशन पर काम कर रही हैं।
तांजा ने बताया कि वह अपने आर्ट वर्क में अपने खुद के अंदर के जज्बातों को बयां कर रही हैं। पेंटिंग के जरिए वह जिंदगी की उन बातों को दर्शा रही हैं जोकि उससे जुड़ी हैं। तांजा ने बताया मैंने अपना आर्ट वर्क मंगलवार से बनाना शुरू किया है। यह तीन दिन तक बनकर पूरा हो जाएगा। वह पिछले कई साल से पेंटिंग कर रही हैं और आम इंसान से जुड़ी चीजों को ब्रश के जरिए दर्शाती हैं।
अन्य आर्टिस्ट भी बना रहे ऑट वर्क
मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह पेवर ब्लॉक से खराब हो रही हरियाली के मुद्दे को पेंटिंग के जरिए उठा रही हैं। सिटी के सीनियर आर्टिस्ट विनय वढेरा ने बताया कि वह प्यार के ऊपर अपनी पेंटिंग तैयार कर रहे हैं। मुंबई से आए संजय लहरों के ऊपर अपना आर्ट वर्क तैयार कर रहे हैं। रोहतक के रहने वाले शरद जिनका जन्म से दायां हाथ नहीं है वह बाएं हाथ से स्पेस के ऊपर अपना वर्क बनाने में जुटे हैं।
ये कलाकार ले रहे हैं हिस्सा
आर्ट वर्कशॉप में देश और विदेश के जो कलाकार हिस्सा ले रहे हैं, उनमें चंडीगढ़ से भलविंदर, विनय वडेरा, आनंद शिंदे, साधना, प्रभदीप बराड़, प्रीतपाल सिंह, रवि किरण, नक्शदीप सिंह शामिल हैं। वहीं दिल्ली से आनंद बेनेर्जी, कुरुक्षेत्र से राम, मुंबई से संजय, रोहतक से शरद, कुरुक्षेत्र से राकेश, होशियारपुर से अश्विनी वर्मा, दिल्ली से अनूप कुमार चंद, छत्तसीगढ़ से भानू प्रकाश, राजस्थान से तस्लीम, जम्मू से मालती शर्मा और सर्बिया की तांजा डेजोरिक वर्कशॉप में काम कर रही हैं।