चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसफ) वर्ल्ड कप में डीएवी कॉलेज के पूर्व छात्र और शूटिंग खिलाड़ी अर्जुन बबूता ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाकर नाम रोशन किया है। वर्ल्ड कप कोरिया में 9 जुलाई से शुरू हो चुका है। यह प्रतियोगिता 21 जुलाई तक चलेगी। अर्जुन बबूता ने सोमवार को 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक विजेता लुक्स कोजेनिस्की को 17-9 से हराकर यह पदक जीता। इजरायल के खिलाड़ी सेसजी रिवस्टर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, शहर की शूटिंग खिलाड़ी अंजुम मोदगिल रविवार को अपने इवेंट में टॉप 8 में पहुंच चुकी हैं। शहर के एक अन्य युवा शूटर विजयवीर भी वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय शूटिंग खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन दिखाना होगा। इसकी बदौलत ही उन्हें सितंबर में कोरेशिया में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह मिलेगी। मात्र 23 वर्ष के अर्जुन वर्ष 2016 से भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
शूटिंग के कोच अमरिंदर मान ने जताई खुशी
आईएसएसफ वर्ल्ड कप में राइफल इवेंट में हिस्सा लेने वाले अर्जुन बबूता मूलरूप से जलालाबाद के रहने वाले हैं। डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 के पूर्व छात्र और मौजूदा समय मे जालंधर के पास लवली यूनिवर्सिटी में बीए की पढ़ाई कर रहे हैं। डीएवी कॉलेज के प्रोफेसर और शूटिंग के कोच अमरिंदर मान ने वर्ल्ड कप में अर्जुन के गोल्ड मेडल जीतने पर खुशी जताते हुए कहा कि वह शूटिंग के खेल के माहिर खिलाड़ी हैं। कई अहम टूर्नामेंट में देश के लिए खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल बटोरने में हमेशा आगे रहते हैं।
अंजुम मोदगिल के दिए टिप्स अर्जुन के आए काम
शूटिंग खिलाड़ी अंजुम मोदगिल सीनियर खिलाड़ी होने के नाते हमेशा अर्जुन बबूता की मदद करती हैं। स्वर्ण पदक जीतने से पहले जब अर्जुन रविवार को टॉप- 8 में पहुंचे थे तब अंजुम मोदगिल ने उन्हें टिप्स दिए थे। इसके बाद वे स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहे।