अब पंजाब की तहसीलों में लोगों को जमीन-प्लॉट आदि की रजिस्ट्री के लिए अफसरों के पीछे नहीं भागना पड़ेगा और न ही तहसील आफिस के बाहर घंटों खड़े रहने की जरूरत होगी। पासपोर्ट कार्यालयों की तर्ज पर इस काम के लिए भी अप्वाइंटमेंट सिस्टम लागू होने जा रहा है।
लोगों को रजिस्ट्री के लिए अप्लाई करने पर अप्वाइंटमेंट डेट दी जाएगी। निर्धारित तिथि पर तहसील कार्यालय पहुंचने के बाद तत्काल रजिस्ट्री हो जाएगी। पंजाब राजस्व विभाग ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। शुरू में यह योजना उन शहरों में लागू होगी, जहां जमीन की रजिस्ट्रियों से संबंधित काम अधिक है।
इससे पहले ई-स्टांपिंग का फैसला पंजाब सरकार ले ही चुकी है, जो आगामी नवंबर माह तक प्रदेश भर में लागू हो जाएगा। रजिस्ट्री वाया अप्वाइंटमेंट योजना लागू करने में एक से डेढ़ साल लगने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य भ्रष्टाचार और लोगों की परेशानी को समाप्त करना है।