हर रविवार को सेक्टर-7 में लगने वाले कार बाजार में अब 17 और डीलर अपना बाजार लगा सकेंगे। नगर निगम ने यहां 17 नए कार बाजार के लिए मंजूरी दे दी है। निगम ने अब इसके लिए लोगों से आवेदन भी मांगे है।
सेक्टर-7 में कुल 60 शोरूम ऐसे हैं, जिनके सामने कार बाजार लग सकता है। एक शोरूम के सामने 4 या 5 गाड़ियां डिस्प्ले हो जाती हैं।
अभी तक यहां 43 शोरूमों के बाहर कार बाजार लग रहे थे जबकि 17 की जगह खाली पड़ी थी। इस वजह से नगर निगम को हर रविवार लगभग 47 हजार रुपये का नुकसान भी हो रहा था।
नगर निगम ने एक शोरूम के सामने एक कार बाजार की परमिशन दे रखी है। इस पॉलिसी को फाइनेंस एंड कांट्रैक्ट कमेटी की मीटिंग से भी मंजूरी मिल चुकी हैं।
ऐसे में यहां 60 शोरूमों के सामने 60 कार बाजार चल सकते हैं, लेकिन फिलहाल यहां 43 डीलर्स ही कार बाजार चला रहे हैं। एक डीलर को एक शोरूम के सामने कार बाजार चलाने के लिए निगम को हर रविवार 2809 रुपये फीस चुकानी पड़ती है।
सेक्टर-7 में 17 शोरूम के सामने और कार बाजार लग सकते हैं। ये स्पेस खाली थी, इसलिए इसके लिए लोगों से आवेदन मांगे गए हैं।
राजीव कुमार गुप्ता, ज्वाइंट कमिश्नर नगर निगम
नगर निगम अफसर अपनी मनमर्जी कर रहे हैं। इन्होंने एक शोरूम के सामने एक कार बाजार की पॉलिसी खुद ही बना ली और जबरदस्ती लोगों पर थोप दी। यहां एक शोरूम के सामने एक कार बाजार चलाना बेहद मुश्किल हैं। अब 43 के लिए तो जगह कम पड़ रही है, 17 और बाजार लगेंगे तो डीलर्स को गाड़ी डिस्प्ले करने की जगह ही नहीं मिलेगी।
राजेश गुप्ता, पार्षद और उपाध्यक्ष कार डीलर्स एसोसिएशन