अपना पंजाब पार्टी का एलान करने के बाद अब पार्टी प्रधान सुच्चा सिंह छोटेपुर महा-गठबंधन बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। इसकेलिए कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तैयार किया जा रहा है। जल्द ही महा-गठबंधन बनाने की तैयारी की जा रही है।
आम आदमी पार्टी को अलविदा कहने वाले इसके पूर्व सूबा कनवीनर छोटेपुर ने शनिवार को ही अपनी नई सियासी पार्टी अपना पंजाब पार्टी का एलान किया है। अब छोटेपुर गुट एनडीए और यूपीए की तर्ज पर प्रोग्रेसिव पंजाब अलायंस बनाने की कवायद में जुट गया है।
छोटेपुर गुट के थिंक टैंक की कोशिश है कि किसी भी हालत में पंद्रह दिनों केअंदर महा-गठबंधन बन जाए। इसके लिए सभी पार्टियों से बातचीत चल रही है। छोटेपुर पहले साफ कर चुके हैं कि उनका शिअद-भाजपा, आप और कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। इन्हें छोड़कर पंजाब की सभी पार्टियों को एक प्लेटफॉर्म पर लाने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक छोटेपुर गुट के लोगों की वाम दलों और बसपा के साथ भी प्रारंभिक बैठक हो चुकी है। इसमें अगली बैठक पर सहमति बनी है। छोटेपुर गुट को उम्मीद है कि बात बन जाएगी। इसकेअलावा पूर्व सांसद नवजोत सिद्धू के आवाज-ए-पंजाब फ्रंट के नेताओं के साथ भी बातचीत जारी है। छोटेपुर गुट का दावा है कि आवाज-ए-पंजाब के साथ भी उनकी बात बन जाएगी।
हालांकि सिद्धू पहले कह चुके हैं कि उनका फ्रंट कांग्रेस या आप के साथ गठबंधन करेगा। महा-गठबंधन केलिए सारी ताकत कॉमन मिनिमम प्रोग्राम पर लगाई जा रही है, ताकि सभी सहयोगी दलों को उस पर सहमत किया जा सके। पार्टियों की सहमति के बाद महा-गठबंधन के संचालन को कार्यकारिणी पर मंथन किया जाएगा। सभी पार्टियां अपने चुनाव चिह्न पर एक-दूसरे के समर्थन के साथ लड़ेंगी।
दो दिन में घोषित होगी प्रदेश कार्यकारिणी
सुच्चा सिंह छोटेपुर की अपना पंजाब पार्टी ने अपना संगठनात्मक ढांचा खड़ा करने की कवायद तेज कर दी है। पहले चरण में प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है। इसका एलान पांच अक्तूबर को होने की उम्मीद है। इसके साथ ही पार्टी अपना प्रोग्राम भी सामने रखेगी। पार्टी के महासचिव हरदीप किंगरा ने कहा कि संगठनात्मक ढांचे पर काम चल रहा है। जल्द ही इसका एलान कर दिया जाएगा।