दुष्कर्म के मामलों में कार्रवाई के लिए देरी नहीं होनी चाहिए। जल्दी सुनवाई होने से परिवार का शोषण बच जाता है अन्यथा उनकी पीड़ा और बढ़ जाती है। यही निर्भया के केस में हो रहा है। अभिभावकों की पीड़ा लगातार बढ़ रही है। उन्हें किसी का सपोर्ट भी नहीं मिल रहा है। सबने उन्हें अदालत की पार्किंग में रोते देखा है इसलिए कानून को और सख्त बनाते हुए उसका पालन कराया जाना चाहिए। -अंबिका राय, सामाजिक कार्यकर्ता
नियमों को कठोर करें
कई नियमों में ढील के कारण दोषी बाहर आ जाते हैं। इसके कारण पीड़ितों को और पीड़ा हो जाती है। इन नियमों को और कड़ा बनाने की आवश्यकता है, ताकि लोगों का कानून पर भरोसा और बढ़े। साथ ही दया याचिका के लिए बार-बार जो आवेदन किए जाते हैं इससे भी केस में देरी होती है। अब दया याचिका पर भी विचार करने की जरूरत है। -ईक्षा शर्मा, थिएटर आर्टिस्ट
कानून का डर बहुत जरूरी
कानून को इतना सख्त बनाना चाहिए कि ताकि कोई आरोपी गलत काम करने से पहले वह सौ बार सोचे। कानून का डर होना बहुत जरूरी है। दूसरे कई देशों में ऐसा ही हो रहा है। रेप केस में दया याचिका नहीं दी जानी चाहिए। जिस तरह दुष्कर्मी ने पीड़िता के साथ कोई अत्याचार किया है, वैसे ही उसे भी कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। -संजना, कोरियोग्राफर
सजा के छह महीने के अंदर दोषी को हो जानी चाहिए फांसी
दोषियों के मौलिक अधिकारियों में बदवाल की जरूरत है। निर्भया केस में जानबूझ कर एक-एक दोषी की तरफ से दया याचिका लगाई जा रही है, ताकि फांसी में देरी हो। सजा सुनाने के छह महीने के अंदर दोषी को फांसी दे देनी चाहिए। जब सेशन कोर्ट, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट सजा दे चुका है तो फिर सजा में देरी क्यों हो रही है। -सुशीला भारद्वाज, वकील
हमारे देश में हर 15 मिनट में एक दुष्कर्म होता है। 70 प्रतिशत दुष्कर्म के मामले दर्ज ही नहीं होते हैं। कारण समाज का डर होता है। पुलिस की इमेज मजबूत करनी होगी। महिला पुलिस थानों की कमी है। देश में लड़कियों को हर स्थिती के लिए तैयार करना होगा। हमारे देश में दुष्कर्म पीड़ित और उसके परिजनों की काउंसलिंग के लिए काउंसलर की संख्या काफी कम है। इसके अलावा शादी के बाद होने वाले दुष्कर्म को तो गिना ही नहीं जाता है। - गीतांजलि वाधवा, एडवोकेट
निर्भया केस में कानून का मजाक बनाया जा रहा
करीब 8 साल हो गए हैं लेकिन अभी तक निर्भया को पूर्ण रूम से इंसाफ नहीं मिला है। कानून का मजाक बनाया जा रहा है। हैदराबाद में एक डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के आरोपियों का एनकाउंटर भी गलत है। किसी के अधिकारों का हनन नहीं किया जा सकता है। अश्लील वीडियो तक पहुंच काफी आसान हो गया है, जिसकी वजह से दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं। मुझे लगता है कि अब समय आ गया है अब बेटी को कराटा और बेटे को पराठां बनाना सिखाना चाहिए। -ज्योति मेहता, वकील
संवाद में निकले ये निष्कर्ष
- अश्लील वीडियो पूरी तरह प्रतिबंधित होने चाहिए।
- लड़का व लड़कियों को एक जैसा समझना चाहिए।
- बेटों को संस्कार दें कि वह दूसरी महिलाओं की इज्जत करें।
- कानून को कठोर किया जाए। जहां नियमों में ढील है उसे ठीक किया जाए।
- पीड़िता के लिए काउंसलर की व्यवस्था हो। फैमिली सपोर्ट के लिए व्यवस्था होनी चाहिए।
- दोष साबित होने के बाद सजा देने में देरी नहीं होनी चाहिए।