चंडीगढ़। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर और उनके पति अभिनेता अनुपम खेर की ओर से चंडीगढ़ की जनता को कोरोना महामारी से लड़ने के लिए चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाने पर धन्यवाद दिया है।
कोरोना पर काबू पाने के लिए चंडीगढ़ में ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की कमी आ रही थी। प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर और उनके पति अनुपम खेर से बात कर चंडीगढ़ में आ रही समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जल्द इस समस्या का समाधान करेंगे। शनिवार को अनुपम खेर फाउंडेशन ग्लोबल प्रोस्टेट कैंसर रिसर्च फाउंडेशन और भारत फोर्ज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से जीएमएसएच-16 को 14 बाइपेप मशीन और 20 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कंग को सौंपे गए। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इन चिकित्सा उपकरणों से चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमित रोगियों को शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया।