प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल हवाई मार्ग से पहुंचेंगे। रैली स्थल पर हेलीपैड बनाया जा रहा है लेकिन सड़क मार्ग को भी आपात स्थिति में उपयोग में लाया जा सकता है। मंगलवार को कई गाड़ियों के काफिले के साथ सड़क मार्ग का ट्रायल किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री के काफिले में चलने वाली गाड़ियां शामिल होंगी।
वहीं, जनसभा के लिए मंच करीब 40 फुट लंबा 20 फुट चौड़ा एवं 10 फुट ऊंचा तैयार किया गया है। मंच के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जनसभा स्थल के बिल्कुल बाहर थ्री रिंग सिक्योरिटी लगाई गई। इसके अलावा पंजाब एवं केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के जवान सादी वर्दी में तैनात हैं। आसपास के गांवों में भी सुरक्षा एजेंसियों की नजर है।
सफेद और पीले रंग का लग रहा है टेंट
मेडिसिटी में कैंसर अस्पताल से थोड़ा आगे ही रैली स्थल बनाया जा रहा है। आयोजन स्थल को तैयार करने की जिम्मेदारी अमृतसर की एक कंपनी को सौंपी गई है। सफेद और पीले रंग के टेंट लगाए जा रहे हैं। रैली स्थल के पास तक पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं। इलाके के अलावा अधिकारी आसपास के पंच एवं सरपंचों की सूची तैयार कर हैं। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में इन्हें भी आमंत्रित किया जा सकता है। हालांकि अभी तक किसी भी पंच एवं सरपंच के पास आमंत्रण या एंट्री पास नहीं पहुंचा है। बता दें कि न्यू चंडीगढ़ को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है।