हरियाणा में अलग सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मांग को लेकर प्रदेश के सभी सिख एक बार फिर एकजुट हो गए हैं। कैथल में छह जुलाई को सिख महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य अतिथि होंगे। वित्त मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा को भी सम्मेलन में विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन में हुड्डा से यह स्पष्टीकरण मांगेंगे कि कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल में अब तक हरियाणा की अलग कमेटी क्यों नहीं बनाई गई।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एडहॉक) के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने यहां पत्रकाराें से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अलग कमेटी बनाने के लिए सिर्फ घोषणा करके विधानसभा में बिल पास करना है, जिसके बाद अलग कमेटी के गठन में कोई अड़चन नहीं रह जाएगी।
छह जुलाई को हरियाणा के सभी सिख इकट्ठे होकर अपनी इस मांग को रखेंगे। सिख नेता झींडा और दीदार सिंह नलवी ने इस मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को भी आड़े हाथों लिया।
दोनों नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हुड्डा ने बयान दिया था कि हम इस बारे में जल्द फैसला लेंगे, लेकिन बादल ने इस बयान का विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में बादल कोई अड़ंगा न डालें।
यह हमारा संवैधानिक अधिकार है। यदि बादल पंथक लीडर हैं तो उन्हें विरोध करने के बजाय हमारा सहयोग करना चाहिए। हरियाणा की अलग कमेटी पर बादल को कोई ऐतराज नहीं होना चाहिए।