भाई उदय सिंह के किले के जीर्णोद्धार के कार्य को एक कड़ी आगे बढ़ाते हुए सरकार द्वारा एक नया फैसला लिया गया है। जिसके तहत करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से किले प्राचीन द्वार से लेकर चिल्ड्रन पार्क तक करीब 1000 लंबी एवं 35 फुट ऊंची दीवार का निर्माण किया जाएगा।
जो दूर से देखने पर शहर में लाल किले जैसा एहसास करवाएगी। दीवार के निर्माण के बाद भाई उदय सिंह का किला रेड फोर्ट ऑफ कैथल बन जाएगा। इस दीवार को प्राचीन स्थापत्य कला के अनुसार लाल रंग दिया जाएगा।
चल रहा है जीर्णोद्धार कार्य
इस समय भाई उदय सिंह के किले का जीर्णोद्धार कार्य चल रहा है। लाखों रुपये की लागत से इसके सनातन धर्म मंदिर के मुख्य द्वार एवं ओपन एयर थिएटर की ओर की दीवार का निर्माण लगभग पूरा होने को है। लेकिन इसी बीच इस कार्य में एक ओर मील का पत्थर जोड़ दिया गया है।
किले को वास्तविक स्वरूप प्रदान करने के लिए मुख्य द्वार के पास ओपन एयर थिएटर की ओर से लेकर चिल्ड्रन पार्क तक 1000 से ज्यादा लंबी दीवार बनाई जाएगी।
जो मुगल कालीन निर्माण पद्धति पर बनेगी। ओपन एयर थिएटर के निकट से लेकर गीता भवन मंदिर, राजकीय कन्या विद्यालय के पीछे से लेकर चिल्ड्रन पार्क तक किले की दीवार को प्राचीन लुक देने के लिए इसका पुनर्निर्माण किया जाएगा।
इस दीवार के बन जाने से दूर से देखने पर यह प्राचीन किले का एहसास करवाएगी तथा एक तरह से यह लाल किले की तर्ज पर यह रेड फॉर्ट ऑफ कैथल बन जाएगा।
झरोखे भी बनाए जाएंगे: ठेकेदार
इस काम को अंजाम दे रहे ठेकेदार नाथी राम ने बताया कि मंत्री रणदीप सुरजेवाला की सोच के चलते यह फैसला हो पाया है। अभी तक ओपन एयर थिएटर के पास जीर्णोद्धार कार्य चल रहा है। लेकिन नए फैसले के तहत चिल्ड्रन पार्क तक की दीवार को बनाने में प्राचीन समय की तर्ज पर ही सामग्री का प्रयोग किया जाएगा।
इसके निर्माण में लाखौरी ईंटें, चूना एवं गुड़ के सिरके का प्रयोग किया जाएगा। दूर से देखने पर यह लालकिले से कम नहीं होगी। इससे शहर की लुक ही बदल जाएगी। दीवार को मुगलकालीन भाई उदय सिंह के किले की प्राचीन पद्धति के अनुसार बनाए जाएगा। जिसमें ऊपर झरोखे भी बनाए जाएंगे।
पर्यटन की दृष्टि से होगा फायदा
भाई उदय सिंह के किले के जीर्णोद्धार के तहत 1000 फुट लंबी दीवार के बन जाने से किले को तो अलग लुक तो मिलेगा, साथ में इसके सामने ही बन रहे ओपन एयर थिएटर में 3000 लोगों के लिए बैठने की जगह, लॉन टेनिस, फुटबाल का मैदान बन जाने के बाद जहां यह आकर्षक लगेंगे।
वहीं इसके पास चिल्ड्रन पार्क, वृद्धकेदार सरोवर, डा. हरगोबिंद खुराना तारामंडल और जवाहर पार्क के होने के कारण पूरे क्षेत्र को ही पर्यटन की दृष्टि से काफी बढ़ावा मिलेगा।
कोट
ओपन एयर थिएटर के पास से लेकर चिल्ड्रन पार्क तक 1000 फुट लंबी दीवार का निर्माण किया जाएगा। जो गीता भवन मंदिर तक 35 फुट ऊंची होगी तथा इसके बाद यह चिल्ड्रन पार्क तक 20 फुट ऊंची होगी। इसके बन जाने से शहर को अलग ही अंतरराष्ट्रीय लुक मिलेगा। इस कार्य पर तीन करोड़ की लागत आएगी।
-ठाकुर लाल शर्मा, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद, कैथल।