Haryana Health Minister Anil Vij
- फोटो : File Photo
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पंजाब के निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधा है। करतारपुर कॉरिडोर खोलने को लेकर गरमाई राजनीति के बीच अकाली सांसद व केंद्रीय मंत्री के बाद विज भी कूद पड़े हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के कांग्रेसी मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू मात्र एक राज्य के मंत्री है, कोई विदेश मंत्री नहीं हैं।
इसलिए उन्हें विदेश नीति की समझ नही हैं। सिद्धू एक देश के नागरिक के तौर वह अपनी बात रख सकते हैं, देश की विदेश नीति में हस्तक्षेप नही कर सकते हैं। सिद्धू को कोई भी बात देश की विदेश नीति के मद्देनजर ही सार्वजनिक मंच से रखनी चाहिए। पाकिस्तान संबंधी कोई भी निर्णय लेने का अधिकार भारत सरकार को है। सिद्धू अनावश्यक रूप से विदेश नीति में दखल न दें। उनकी हरकतें हमेशा गैर-जिम्मेदाराना रहती हैं, इसलिए उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता।
हुड्डा-दलाल पर कार्रवाई को लेकर मंगवाई सीसीटीवी फुटेज
भाजपा सरकार ने अपने धुर विरोधी पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके समधी विधायक करण सिंह दलाल पर शिकंजा कसने का पूरा मन बना लिया है। रेवाड़ी गैंगरेप पीड़िता से अस्पताल में जबरन मिलने पर हुए विवाद को लेकर हुड्डा और दलाल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, चूंकि, सीसीटीवी फुटेज सरकार ने मंगवा ली है। इससे पहले जो वीडियो अस्पताल का सामने आया था, उसमें भी हुड्डा की गर्मागर्मी डॉक्टरों से होती दिख रही है।
अब स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कार्रवाई करने से पहले एक बार सीसीटीवी फुटेज को भी पूरी तरह खंगालने का निर्णय लिया है ताकि कोई चूक न हो। विज ने कहा कि रेवाड़ी मामले में सरकार ने अलग-अलग 20-25 टीमों का गठन किया है, जो आरोपियों की धरपकड़ में लगी हुई हैं। इसके अलावा रेवाड़ी गैंगरेप मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा एवं विधायक करण दलाल की अस्पताल में नोकझोंक की सीसीटीवी रिकॉडिंग मंगवाई गई है, जिसकी जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।