भारत, अमेरिका, पोलैंड, चीन, दक्षिण कोरिया सहित कई अन्य देशों के बड़े औद्योगिक समूहों के प्रमुखों की उपस्थिति में दो दिवसीय प्रोग्रेसिव पंजाब इनवेस्टर्स समिट-2015, मोहाली के आईएसबी कैंपस में शुरू होगा। एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से संबंधित एमओयू की उम्मीद के साथ इस समिट की कामयाबी के लिए पंजाब सरकार का पूरा जोर इस समय लगा हुआ है।
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री मदन मोहन मित्तल सहित उद्योग जगत की बड़ी हस्तियां इस आयोजन के उद्घाटन समारोह के मंच पर होंगी। साथ ही समारोह स्थल की पहली कतारों में भी 30 बड़े औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधि बैठेंगे।
उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल के अनुसार यह आयोजन दिसंबर 2013 की समिट से कहीं अधिक कामयाब होगा। उन्होंने दावा किया कि पिछला समिट में हुए 63 हजार करोड़ के निवेश से संबंधित एमओयू के आंकड़े को यह आयोजन कहीं पीछे छोड़ जाएगा।
उन्होंने कहा कि 63 हजार करोड़ के पिछले समझौतों में से 40 हजार करोड़ का निवेश पंजाब में आ चुका है और इसकी प्रक्रिया जारी है। इस वक्त प्रदेश के पास 2500 एकड़ की प्री क्लीयर्ड साइट्स मौजूद हैं, जहां कंपनियां आकर एकदम से अपने प्रोजेक्ट शुरू कर सकती हैं।
‘हम वादे निभाकर आगे बढ़ रहे हैं। वादे पूरे करके उद्योगपतियों के सामने जा रहे हैं। एक लैंड लॉक स्टेट होने के बावजूद पंजाब का इतना तरक्की करना और इस समिट में इंडस्ट्री के दिग्गजों का पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि हमने जो कहा उसे पूरा किया।’
- सुखबीर बादल, उप मुख्यमंत्री पंजाब
अनिल अंबानी सहित ये हस्तियां होंगी मंच पर
इनवेस्ट पंजाब के मंच पर बुधवार को रिलायंस के चेयरमैन अनिल अंबानी, हीरो मोटोकॉर्प के ज्वाइंट एमडी सुनील कांत मुंजाल, आईटीसी के चेयरमैन वाईसी देवेश्वर, सन फर्मा के चेयरमैन दिलीप सांघवी, पीरामल इंटरप्राइजेज के चेयरमैन अजय जे पीरामल, स्पाइसजेट के सीएमडी अजय सिंह, एमडी कम सीईओ आईसीआईसीआई चंदा कोचर, अमेरिकन कंपनी जनरल एटॉमिक्स के चीफ एग्जीक्यूटिव विवेक लाल, जीवीके के चेयरमैन जीवीके रेड्डी, पोलैंड के स्टेट मिनिस्टर ऑफ इकॉनोमी जर्जी विटोल्ड पीटरविज, फोर्टिस हेल्थकेयर के कार्यकारी चेयरमैन मलविंदर सिंह, शंघाई म्युनिसिपल पॉलिटिकल लॉ कमीशन के सेक्रेटरी जनरल जियांग पिंग, डीएलएफ के वाइस चेयरमैन राजीव सिंह, वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड के चेयरमैन पॉल ओसवाल और बजाज ग्रुप के चेयरमैन राहुल बजाज बैठेंगे। इनके अलावा अन्य बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि पहली कतारों में होंगे।
60 विदेशी प्रतिनिधि ले रहे हैं हिस्सा
उप मुख्यमंत्री के अनुसार इस आयोजन में अलग-अलग देशों के करीब 60 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। यह सब यहां पहुंच चुके हैं। सुखबीर ने कहा कि उनका उद्देश्य पंजाब में अलग-अलग देशों के पार्क विकसित करने का है, जैसे कि चाइना पार्क, कोरिया पार्क आदि। इस दिशा में काम शुरू हो चुका है।
किंग्स कॉलेज लंदन करेगा एमओयू
विश्व की जानी-मानी मेडिकल फॉरेन यूनिवर्सिटी किंग्स कॉलेज लंदन भी इस समिट के दौरान एमओयू साइन करने जा रहा है। इस कॉलेज की एक शाखा न्यू चंडीगढ़ में खुलेगी। उप मुख्यमंत्री बादल के अनुसार इनके अलावा कई अन्य नामी चिकित्सा संस्थान यहां स्थापित होने जा रहे हैं। पंजाब एक मेडिकल हब के रूप में विकसित होगा।
एयरोस्पेस एंड डिफेंस पार्क
इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एयरोस्पेस पार्क के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे संबंधित एमओयू भी समिट के दौरान साइन होगा, वहीं राजपुरा के पास डिफेंस पार्क की स्थापना होगी। सुखबीर बादल ने कहा कि एयरोस्पेस पार्क में एरोप्लेन से संबंधित रिपेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह देश का अपनी तरह का पहला पार्क होगा।
स्किल डेवलपमेंट को आगे आए बैंक
सुखबीर ने बताया कि इस समिट की सबसे खास बात होगी कि स्किल डेवलपमेंट के लिए भी इस दौरान समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे। आईसीआईसीआई बैंक ने पहले ही गांवों में स्थापित होने वाले अपने सेवा केंद्रों में युवाओं को यह ट्रेनिंग देने के बारे में सहमति प्रदान कर दी है।
‘चार ड्रीम प्रोजेक्ट हुए पूरे’
सुखबीर बादल ने कहा कि अभी तक उनके चार बड़े ड्रीम प्रोजेक्ट पूरे हो चुके है। इनमें इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बिजली को सरप्लस करना, रोड कनेक्टिविटी और 4जी कनेक्टिविटी शामिल हैं। इससे प्रदेश लगातार तरक्की की राह पर अग्रसर है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले कुछ समय में प्रदेश का हर हिस्सा सड़कों के आधुनिक जाल से जुड़ जाएगा।
मौजूदा इंडस्ट्री को भी दी जाएंगी सुविधाएं
नई इंडस्ट्री की तरह ही पुरानी औद्योगिक इकाइयों को भी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उप मुख्यमंत्री के अनुसार जल्द ही उनके लिए पैकेज की घोषणा कर दी जाएगी। सरकार ने नई इंडस्ट्री को शुरू होने से पांच साल तक 4.99 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली देने का फैसला किया है। इसके चलते पुराने उद्योगपति भी इस तरह की सुविधाएं मांग रहे हैं।
‘पंजाब के गुड़गांव के रूप में विकसित होगा मोहाली’
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहाली आने वाले दिनों में दूसरा गुड़गांव बनने जा रहा है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इसे बहुत फायदा होने जा रहा है। इसके साथ ही मोहाली की सड़कें और वहां की लैंड स्केपिंग इसे एक अलग ही लुक प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एक बड़ी धनराशि इसकी लैंड स्केपिंग पर खर्च की जाएगी।
इस बार 2013 से काफी अलग होगी समिट
इनवेस्टर्स समिट-2015 को लेकर सरकार को निवेश की अपार संभावनाएं हैं। इस समिट को सफल बनाने के लिए कोशिशें लंबे समय से जारी हैं। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने देश-विदेश में कई इंडस्ट्रियल ग्रुप्स के साथ कई बैठकें कीं। उन्हें प्रजेंटेशन के माध्यम से पंजाब में उद्योगों को प्रदान की जा रही सुविधाओं, उद्योगों के लिए मैत्रीपूर्ण माहौल, बिजली की उपलब्धता, आधारभूत ढांचे, सरल इंस्टालेशन प्रोसेस की जानकारी देकर प्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया गया।
कई मायनों में यह समिट पहले से अलग होगा। सबसे अहम बात तो यह है कि इस बार विदेशी कंपनियां भी इसमें शिरकत कर रही हैं। पिछली बार केवल देश के बडे़ औद्योगिक ग्रुप्स के प्रतिनिधियों ने ही हिस्सा लिया था। दूसरी बात यह है कि इस बार सरकार के पास प्रदेश के संबंध में बताने को बहुत कुछ है।
पिछली समिट से अब तक हुआ निवेश, तब से अब तक बिजली की उपलब्धता में हुई वृद्धि, सड़कों की हालत, औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए इनवेस्ट पंजाब ब्यूरो की स्थापना, उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया को सरल करते हुए सारी औपचारिकताएं एक महीने में पूरा करना, सैकड़ों एकड़ के लिए सभी स्वीकृतियां प्राप्त लैंड बैंक आदि कुछ ऐसे बिंदु हैं, जिन्हें कैश करने की सरकार की पूरी कोशिश रहेगी।