एक पब्लिक स्कूल के साथ भाड़े पर चल रही दो बसों को शुक्रवार को बस मालिक ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। यह काम उसने स्कूल प्रिंसिपल से तंग आकर किया। थाना चब्बेवाल पुलिस ने बस मालिक के बयान दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक अमरजीत सिंह निवासी मुग्गो पट्टी ने बताया कि उसकी दो बसें साहिबजादा अजीत सिंह पब्लिक स्कूल लध्धेवाल (माहिलपुर) में 2008 से 54 हजार रुपये प्रति माह पर चल रही थी। पहले तो इन बसों के किराये की अदायगी कैश हो जाती थी। बाद में इसको चेक के जरिए शुरू कर दिया गया था।
पहले तो सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था पर कुछ माह से स्कूल प्रिंसिपल राजविंदर कौर और ट्रांसपोर्ट इंचार्ज हरजिंदर सिंह उसे पेमेंट देने के लिये परेशान कर रहे थे। कई बार उसे जलील किया करते थे। शुक्रवार सुबह भी उसने जब स्कूल की प्रिंसिपल को किराये की अदायगी के लिए फोन किया तो उसे फिर से जलील किया गया। इस पर उसे गुस्सा आ गया और उसने दोनों बसों को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी चब्बेवाल सुलखन सिंह ने कहा कि बसों के मालिक अमरजीत सिंह के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं इस बारे में प्रिंसिपल राजविंदर कौर ने बताया कि बस मालिक पिछले कई माह से बसों के कागजात पूरे नहीं कर रहा था। कागजात पूरे करने तक के लिए ही स्कूल प्रबंधन की तरफ से पेमेंट को कुछ समय के लिए रोका गया था।