चंडीगढ़ में इस्टेट कार्यालय के खिलाफ अब व्यापारी लामबंद होने लगे हैं। होटेलियर्स जाने वाले हैं कोर्ट और व्यापारी बैठेंगे धरने पर। चंडीगढ़ के उपायुक्त के निर्देश के बाद की गई कार्रवाई पर व्यापारियों में गुस्सा है। व्यापारियों का कहना है कि सील गईं कामर्शियल प्रापर्टी को जल्द से जल्द खोला जाए वरना आंदोलन तय है।
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरंजीव सिंह ने कहा कि बिल्डिंग सील करने की कार्रवाई बिना नोटिस के गलत है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की बिल्डिंग को सील करने से पहले उनको जानकारी तो देनी चाहिए। यही नहीं, कम से यह जानकारी तो होनी चाहिए कि वायलेशन क्या हैं।
व्यापारियों की रोजी रोटी नहीं छीनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन बिल्डिंगों का सर्वे हुआ है उनको वायलेशन की जानकारी देनी चाहिए और समय देने के बाद ही कार्रवाई करनी चाहिए।
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चीफ पैटर्न दिवाकर सहूंजा ने कहा कि डीसी से मिलकर मंगलवार को बिल्डिंग जल्द से जल्द खोलने की मांग की जाएगी। सील बिल्डिंग जल्द नहीं खोली गई तो व्यापारी आंदोलन करेंगे।
कोर्ट जाएंगे
वर्ल्ड होटल टरक्वायस के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील बंसल ने कहा कि प्रशासन को होटल मैनेजमेंट ने डेढ़ साल पहले रिवाइज प्लान सौंप दिया था। जानकारी के अनुसार यह प्लान अब डीसी के पास पड़ा है। कंपलीशन को अप्लाई किए भी डेढ़ साल हो चुका है। ऐसी स्थिति में कोर्ट जाने के सिवाय कोई चारा नहीं है। उन्होंने कहा कि कम से कम यह तो बताएं कि वायलेशन क्या है।
ट्रेडर्स बोले, कोर्ट करे हस्तक्षेप
चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन सेक्टर-17 के महासचिव जेपीएस कालरा ने कहा कि हाईकोर्ट को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। बिल्डिंग सील करने के बाद डीसी उपलब्ध नहीं हो रहें।