अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू की कोठी का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सांसद बिट्टू का पुतला भी फूंका और कोठी के बाहर जमकर नारेबाजी की। पुलिस और सांसद रवनीत सिंह बिट्टू की कोठी पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें गेट के बाहर ही रोक दिया। इस प्रदर्शन की अगुवाई जिला प्रधान आंगनबाड़ी सुभाष रानी ने की। इसके बाद उन्होंने एक मांग पत्र सौंपा और कई तरह के सवाल पूछे।
आंगनबाड़ी मुलाजिम यूनियन पंजाब सीटू की तरफ से पंजाब की महासचिव और जिला प्रधान सुभाष रानी ने बताया कि आईसीडीएम स्कीम पिछले कई सालों से लगातार निचले स्तर पर काम कर रही हैं। इसके साथ-साथ मुलाजिम कई तरह के काम कर रही है। एकीकृत बाल विकास सेवा योजना, राष्ट्रीय सेहत मिशन और मिड डे मील प्रोग्राम के फ्रंट लाइन कार्यकर्ता समेत कई सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सबसे आगे होती है।