अमृतसर पुलिस ने आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, एक लाख रुपये भारतीय करेंसी और एक कार के साथ-साथ दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपी फिरोजपुर के हैं। मकबूलपुरा थाने की पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिनों का पुलिस रिमांड हासिल किया और दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस कमिश्नर जसकरण सिंह ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फिरोजपुर के गांव बारेके निवासी प्रकाश सिंह उर्फ मिंटू तथा फिरोजपुर के सदर थानातंर्गत गांव अलिके निवासी अंग्रेज सिंह उर्फ गेजा के रूप में बताई। उन्होंने कहा कि मकबूलपुरा पुलिस जीटी रोड स्थित दुबुर्जी के निकट पीर की जगह के पास स्पेशल नाकेबंदी करके संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
सूचना के आधार पर कार में सवार दोनों नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। कार की तलाशी के दौरान एक हैंड ग्रेनेड, एक लाख रुपये, एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी प्रकाश सिंह पहले ही 30 किलो हेरोइन तस्करी मामले में सजा काट रहा है और मार्च 2022 से मई 2022 तक पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन वापस जेल नहीं लौटा और भगौड़ा है। जबकि आरोपी अंग्रेज सिंह जमानत पर है और दोनों जीजा साला हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिनों के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर उनके पाकिस्तान के नशा तस्करों के साथ संबंधों के बारे में पता लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपियों के बैंक अकाउंट, संपत्ति और मोबाइल फोन खंगाले जाएंगे। आरोपियों से इनके फारवर्ड और बैकवर्ड लिंक के बारे में पता लगा कर इनके अन्य साथियों के बारे में बारीकी से पूछताछ की जाएगी।
मिंटू ने तस्करी से पैसा कमाकर खरीदी लगभग पांच एकड़ जमीन
अमृतसर से हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी फिरोजपुर के सीमांत गांव के रहने वाले हैं। जबकि इससे पूर्व हुसैनीवाला बार्डर से सटा गांव चांदीवाला से तस्कर सुक्खा व उसका जीजा टिफिन बम के साथ पकड़ा जा चुका है। इन्होंने फिरोजपुर में तीन और जलालाबाद में एक विस्फोट किया था।
खुफिया सूत्रों के अनुसार, अमृतसर में हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़ा गया प्रकाश सिंह उर्फ मिंटू वासी सीमांत गांव बारेके लगभग 25 किलोग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा जा चुका है, इसने तस्करी में पैसा कमाकर फिरोजपुर-फाजिल्का रोड स्थित एक गुरुद्वारे के नजदीक तकरीबन पांच एकड़ जमीन खरीदी है। जबकि गांव में बने मकान की हालत खस्ता है। इसकी पिछली जिंदगी पर नजर डाली जाए तो बहुत ही बुरा हाल था और रोटी खाने के लाले थे। जब से हेरोइन तस्करी के धंधे में जुड़ा है, काफी धन एकत्रित किया है। तस्करी के आरोप में जेल में बंद था और पैरोल पर बाहर आया था, उसके बाद जेल नहीं गया था। इसका दूसरा साथी रिश्तेदार बताया जा रहा है जिसका नाम अंग्रेज सिंह उर्फ गेजा वासी सीमांत गांव अलीके है। ये दोनों ही मिल कर तस्करी का धंधा करते हैं।
सूत्रों के मुताबिक आईएसआई भारतीय तस्करों को हेरोइन के साथ-साथ गोला-बारूद की तस्करी करवाने में लगी है। यहां के ज्यादातर तस्कर हेरोइन की तस्करी के साथ-साथ गोला-बारूद व आधुनिक हथियार की तस्करी कर रहे हैं। इन्हें हथियार व गोला-बारूद एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए मोटी धनराशि दी जाती है। पंजाब में छिपकर बैठे गैंगस्टरों व आतंकियों तक तस्कर विस्फोटक सामग्री पहुंचा रहे हैं। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए किसी भी जगह पर आसानी से हथियार व हेरोइन की खेप पहुंच रही है। कुछ दिन पहले गांव बारेके के नजदीक जगदीश पोस्ट के पास हथियारों से भरा बैग बीएसएफ को मिला था, जिसमें एके-47, एके-56 व पिस्तौलों के अलावा भारी संख्या में कारतूस थे। आशंका जताई जा रही है कि शायद इन्हीं लोगों ने उक्त बैग को हासिल करना था जो बीएसएफ के हाथ लग गया। इस संबंधी भी सुरक्षा एजेंसियां इनसे पूछताछ कर रही हैं।