पीजीआई के एडवांस कार्डियक सेंटर में खुला अमृत आउटलेट हार्ट के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। एक आम केमिस्ट शॉप के मुकाबले अमृत आउटलेट पर ब्रांडेड दवाएं व हार्ट इम्प्लांट करीब 30 से 70 प्रतिशत तक सस्ते मिलेंगे। पीजीआई में तीसरे आउटलेट के उद्घाटन पर पहुंचे जेपी नड्डा ने बताया कि पीजीआई के आउटलेट को मिलाकर पूरे देश में अब तक नौ अमृत आउटलेट खोले जा चुके हैं।
विज्ञापन
इस साल 300 अमृत आउटलेट खोलने का लक्ष्य
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि इस साल पूरे देश में 300 अमृत आउटलेट खोलने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में राज्य सरकारों से कहा गया है कि वे जगह मुहैया करवाएं, ताकि स्टोर खोले जा सकें। पहले देश के सभी 13 केंद्रीय इंस्टीट्यूट में अमृत स्टोर खोलने का लक्ष्य रखा गया है। अमृत आउटलेट से खरीदी गई दवा पर औसत 69 प्रतिशत डिस्काउंट मिलेगा।
अब तक मरीजों के इतने रुपये बचे
जेपी नड्डा ने बताया कि अभी तक के एक अनुमान के मुताबिक नौ आउटलेट से करीब 23 करोड़ रुपये की एमआरपी दवाएं बेची जा चुकी हैं, जिसमें पेशेंट पर सिर्फ सात करोड़ रुपये का बोझ पड़ा है। करीब 16 करोड़ रुपये पेशेंट के बचे हैं। इसी तरह से पीजीआई के आउटलेट से आठ करोड़ रुपये की दवाएं बेची गई हैं, इनमें सिर्फ तीन करोड़ रुपये मरीज को देने पड़े, जबकि पांच करोड़ रुपये बचत हुई।
क्या है अमृत आउटलेट
केंद्र सरकार की योजना है कि मरीजों को सस्ते रेट पर ब्रांडेड मेडिसिन व सर्जिकल इम्प्लांट मुहैया करवाने हैं। इसके तहत (एचएलएल) लाइफकेयर लिमिटेड को जिम्मा सौंपा गया है। भारत सरकार को एचएलएल के साथ मिलकर देशभर में सस्ती दवाएं मुहैया करवानी हैं। इसके लिए कैंसर व हृदय रोग की 200 से ज्यादा दवाओं और सर्जिकल इम्प्लांट को चिन्हित किया गया है। पीजीआई में कुल तीन अमृत स्टोर हैं। दो नेहरू हास्पिटल में व एक कार्डियक स्टोर में।
इतना सस्ता मिलेगा
आइटम कंपनी एमआरपी इतने में मिलेगा छूट
जाइनेस प्राइम (स्टेंट) एबोट 1,50,000 40,000 73 प्रतिशत
जाइनेस वी (स्टेंट) एबोट 95,000 22,500 76.32 प्रतिशत
प्रोमस एलिमेंट प्लस (स्टेंट) बोस्टन 1,60,000 40,000 75 प्रतिशत
रीजोल्यूट इंटेग्रिटी (स्टेंट) मेडट्रोनिक्स 1,20,000 40,000 66.67 प्रतिशत
बायोमाइन (स्टेंट) मिरिल 1,00,000 22,500 77.50 प्रतिशत
स्प्रिंटर लीजैंड (बैलून्स) मेडट्रोनिक्स 26,000 7,100 72.69 प्रतिशत
एनसी स्प्रिंटर (बैलून्स) मेडट्रोनिक्स 23,000 7,100 69.13 प्रतिशत
हार्ट वाल्व मिरिल 77,500 47,000 39.35 प्रतिशत
डेस्टीनी (घुटना) मिरिल 80,000 55,000 31.25 प्रतिशत
केंद्र सरकार की कोशिश है कि सभी मरीजों को सस्ती दवाएं मुहैया करवाई जाएं। राज्य सरकार और यूटी एडमिनिस्ट्रेशन जगह दें, सरकार अमृत आउटलेट खोल देगी। साल के अंत तक 300 आउटलेट खोलने का लक्ष्य है।
जेपी नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भारत सरकार